बिग बॉस 20 में गुल्लू और नकुल धुल के बीच हुई हाथापाई के बाद विवाद बढ़ गया है। अब एल्विश यादव ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शो के नियमों पर सवाल खड़े किए हैं। वहीं, नकुल धुल के शो से बाहर होने को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।
Knews Desk – रियलिटी शो बिग बॉस 20 में बीते दिन गुल्लू और नकुल धुल के बीच बड़ा झगड़ा देखने को मिला। छोटी सी बात से शुरू हुई बहस इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। गुल्लू ने जहां नकुल को धक्का दिया, वहीं नकुल ने गुल्लू का कॉलर पकड़कर उन्हें हवा में उठा दिया। घर में माही, यंग और आसिफ समेत कई लोगों ने गुल्लू का समर्थन किया। इस घटना की सोशल मीडिया पर भी काफी चर्चा हो रही है। इसी बीच एल्विश यादव का रिएक्शन सामने आया है।
एल्विश यादव एमटीवी के शो रोडीज में गुल्लू के गैंग लीडर थे। गुल्लू इस शो के विजेता बने थे। दोनों के बीच काफी अच्छी बॉन्डिंग है और एल्विश गुल्लू को सपोर्ट भी करते हैं। हालांकि, बिग बॉस 20 में नकुल और गुल्लू की लड़ाई पर एल्विश ने अपनी राय रखते हुए शो के नियमों पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं।
गुल्लू-नकुल की लड़ाई पर क्या बोले एल्विश यादव?
एपिसोड देखने के बाद एल्विश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “इतने टाइम बाद आज बिग बॉस देखा। रूल्स चेंज हो गए शायद अब जो पिट रहा है उसी को बाहर कर रहे हैं..सैड।”
दरअसल, लड़ाई का प्रोमो सामने आने के बाद लगातार खबरें सामने आ रही थीं कि नकुल धुल को शो से बाहर कर दिया गया है। वहीं, वीडियो में नकुल सोफे पर गिरते हुए नजर आए थे। ऐसे में एल्विश की पोस्ट से लग रहा है कि वह नकुल धुल का समर्थन करते हुए बिग बॉस के नियमों और कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं।
क्या बिग बॉस 20 से बाहर होंगे नकुल धुल?
गुल्लू के साथ हुई इस झड़प के बाद अब दर्शकों की नजरें 14 अक्टूबर यानी बुधवार को प्रसारित होने वाले एपिसोड पर टिकी हैं। बिग बॉस के घर में फिजिकल वायलेंस यानी शारीरिक हिंसा की अनुमति नहीं है। ऐसे में चर्चा थी कि नकुल धुल को शो से बाहर किया जा सकता है।
हालांकि, सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, फिलहाल नकुल धुल शो से बाहर नहीं हुए हैं और बिग बॉस 20 में उनका सफर अभी भी जारी है। अब देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या होता है और शो के मेकर्स इस झगड़े को लेकर क्या फैसला लेते हैं।