Breaking Bad के एक्टर RJ Mitte का 34 साल की उम्र में निधन, दिव्यांगों के अधिकारों के लिए उठाते थे आवाज

हॉलीवुड से एक दुखद खबर सामने आई है। पॉपुलर अमेरिकी टीवी सीरीज ‘Breaking Bad’ में वॉल्टर व्हाइट जूनियर का किरदार निभाने वाले एक्टर RJ Mitte का 34 साल की उम्र में निधन हो गया है। उनके निधन की खबर से मनोरंजन जगत और उनके फैंस के बीच शोक की लहर है। हालांकि, उनकी मौत की आधिकारिक वजह अभी सामने नहीं आई है।

Knews Desk – हॉलीवुड एक्टर RJ Mitte के निधन की खबर ने उनके चाहने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है। उन्होंने मशहूर अमेरिकी टीवी शो ‘Breaking Bad’ के पांचों सीजन में वॉल्टर व्हाइट जूनियर का किरदार निभाकर दुनियाभर में पहचान बनाई थी। सोमवार को टेक्सास के ब्राउनस्विले में उनके निधन की पुष्टि किए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, TMZ की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है और आत्महत्या की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक तौर पर मौत की वजह की पुष्टि नहीं हुई है।

‘हॉलीवुड रिपोर्टर’ को दिए गए बयान में उनके परिवार ने दुख जताते हुए कहा कि उन्हें सोशल वर्कर और दिव्यांगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले RJ Mitte के निधन की जानकारी देते हुए बेहद दुख हो रहा है।

RJ Mitte ने ‘Breaking Bad’ में अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई थी। खास बात यह है कि वास्तविक जीवन में भी वह सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित थे। उन्होंने अपने इस अनुभव को अपने किरदार में शामिल किया, जिससे उनका अभिनय और भी वास्तविक नजर आया। वह केवल एक अभिनेता ही नहीं थे, बल्कि दिव्यांग कलाकारों के अधिकारों और उनके प्रतिनिधित्व के लिए भी लगातार आवाज उठाते रहे।

‘Breaking Bad’ के लिए मिला था स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवॉर्ड

RJ Mitte ने ‘Breaking Bad’ के अलावा ‘Switched at Birth’ और नेटफ्लिक्स की लाइव-एक्शन सीरीज ‘The Guardians of Justice’ में भी काम किया था। इसके साथ ही वह ‘Who’s Driving Doug’, ‘Time Share’, ‘Standing Up for Sunny’, ‘The Oak Room’ और ‘Triumph’ जैसी फिल्मों में नजर आए। साल 2014 में उन्हें ‘Breaking Bad’ के लिए स्क्रीन एक्टर्स गिल्ड अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था।

अभिनय के अलावा RJ Mitte सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय थे। उन्होंने यूनाइटेड सेरेब्रल पाल्सी और श्राइनर्स चिल्ड्रन्स के एंबेसडर के रूप में काम किया। वह ‘Mitte Foundation’ के अध्यक्ष भी रहे और दिव्यांग लोगों के अधिकारों तथा उनके बेहतर प्रतिनिधित्व के लिए प्रयास करते रहे।

ऐसा रहा RJ Mitte का बचपन

RJ Mitte का पूरा नाम रॉय फ्रैंक मिट्टे III था। उनका जन्म 21 अगस्त 1992 को जैक्सन, मिसिसिपी में हुआ था। जन्म के दौरान उन्हें सांस लेने में परेशानी हुई थी, जिसके कारण उन्हें हाइपोक्सिक-इस्केमिक एन्सेफेलोपैथी हुआ। बाद में रॉय फ्रैंक मिट्टे जूनियर और डायना मिट्टे ने उन्हें गोद लिया। उनके माता-पिता जब वह छोटे थे, तभी अलग हो गए थे। तीन साल की उम्र में उन्हें सेरेब्रल पाल्सी होने का पता चला।

RJ Mitte ने अपने अभिनय और सामाजिक कार्यों के जरिए एक अलग पहचान बनाई। उनके निधन की खबर के बाद फैंस और साथी कलाकार उन्हें याद कर रहे हैं। उन्होंने पर्दे पर जिस किरदार को जीवंत किया, वह आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय है। उनके काम और दिव्यांगों के अधिकारों के लिए किए गए प्रयासों को लंबे समय तक याद किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *