दिल्ली में 15 लाख रुपये से कम में घर खरीदने का मौका, DDA की नई योजना में मिलेंगे 2,516 फ्लैट

दिल्ली में अपना घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने नई आवास योजना पेश की है। डीडीए आवास निवेश योजना-2026 के तहत नरेला में एलआईजी श्रेणी के 2,516 फ्लैट 25 प्रतिशत छूट के साथ उपलब्ध होंगे। छूट के बाद इन फ्लैटों की कीमत करीब 14.95 लाख रुपये रखी गई है।

Knews Desk– दिल्ली में किफायती आवास की तलाश कर रहे लोगों के लिए डीडीए की यह योजना एक विकल्प बन सकती है। योजना के अंतर्गत नरेला के सेक्टर जी-2 से जी-6 के पॉकेट-3 और पॉकेट-6 में फ्लैट उपलब्ध कराए जाएंगे। इनमें पॉकेट-3 के 1,020 और पॉकेट-6 के 1,496 फ्लैट शामिल हैं।

डीडीए के अनुसार, इच्छुक आवेदक 14 अक्टूबर से पंजीकरण करा सकेंगे। वहीं, फ्लैटों की बुकिंग 20 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। योजना से संबंधित जानकारी और फ्लैटों का विवरण देने वाली पुस्तिका 13 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से डीडीए की वेबसाइट पर उपलब्ध होगी।

फ्लैट का क्षेत्रफल करीब 49.90 वर्गमीटर है, जिसमें साझा क्षेत्र भी शामिल है। पंजीकरण और बुकिंग की प्रक्रिया डीडीए के आवास पोर्टल के माध्यम से पूरी की जा सकेगी। जिन लोगों ने पहले से पोर्टल पर पंजीकरण करा रखा है, उन्हें दोबारा पंजीकरण कराने की जरूरत नहीं होगी।

पंजीकरण के लिए एक बार 2,500 रुपये का शुल्क देना होगा। यह राशि वापस नहीं की जाएगी। वहीं, फ्लैट की बुकिंग के समय आवेदक को एक लाख रुपये जमा करने होंगे। इसके अतिरिक्त, रखरखाव शुल्क, पानी के कनेक्शन का शुल्क और जहां लागू हो, परिवर्तन शुल्क का भुगतान आवंटन पत्र जारी होने के समय अलग से करना होगा। ये शुल्क फ्लैट की घोषित कीमत में शामिल नहीं हैं।

डीडीए अधिकारियों के मुताबिक, नरेला को एक प्रमुख आवासीय और व्यावसायिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। भविष्य में यहां मेट्रो विस्तार, चौड़ी सड़कों और बेहतर सुरक्षा व्यवस्था जैसी बुनियादी सुविधाओं को विकसित करने की योजना है। इससे क्षेत्र में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *