अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार कमाई कर रही है। रिलीज के 10 दिनों में फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 479.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। अब फिल्म की नजर 1000 करोड़ रुपये के आंकड़े पर है, लेकिन आने वाले दिनों में इसे चार नई फिल्मों से टक्कर मिल सकती है।
Knews Desk – बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म ने रिलीज के महज 10 दिनों में दुनियाभर में 479.80 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। इस प्रदर्शन के साथ फिल्म ने अजय देवगन के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है। अब फिल्म के सामने 1000 करोड़ रुपये की कमाई का बड़ा लक्ष्य है।
हालांकि, फिल्म के लिए आगे की राह आसान नहीं होने वाली है। आने वाले समय में इसे चार नई फिल्मों से मुकाबला करना होगा। इनमें दो साउथ की और दो बॉलीवुड की फिल्में शामिल हैं। खास बात यह है कि इन फिल्मों में रजनीकांत, विजय देवरकोंडा, विद्युत जामवाल और यामी गौतम जैसे कलाकार नजर आने वाले हैं। ऐसे में बॉक्स ऑफिस पर इन फिल्मों की रिलीज ‘दृश्यम 3’ की कमाई की रफ्तार को प्रभावित कर सकती है।
दूसरे रविवार को फिल्म की कमाई में गिरावट दर्ज की गई। फिल्म ने रिलीज के 10वें दिन 22.50 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो शनिवार के मुकाबले करीब 4 करोड़ रुपये कम है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 309 करोड़ रुपये हो गया है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 370.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
विदेशों में भी फिल्म को अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। पिछले दो दिनों में फिल्म ने ओवरसीज मार्केट से 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की है। इसके साथ ही फिल्म का विदेशी कलेक्शन 109 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं, भारत और विदेशों की कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 479.80 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।
अब देखना होगा कि आने वाली फिल्मों की रिलीज के बीच ‘दृश्यम 3’ बॉक्स ऑफिस पर अपनी रफ्तार बरकरार रख पाती है या नहीं। फिल्म के मौजूदा प्रदर्शन को देखते हुए इसकी आगे की कमाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।