हमारे पास आपका पूरा इतिहास है, आप बच नहीं पाएंगे, राहुल गांधी की CEC ज्ञानेश कुमार को चेतावनी

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली को किले में तब्दील कर दिया गया है और भारी पुलिस बल तैनात करके प्रदर्शनकारियों को रोका जा रहा है। राहुल ने सवाल उठाया कि ज्ञानेश कुमार अब तक इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं।

Knews Desk- मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ दिल्ली में जारी विरोध-प्रदर्शन के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन में शामिल होने के लिए लोगों को दिल्ली आने से रोका जा रहा है और राजधानी में हर तरफ पुलिस तैनात कर दी गई है। राहुल गांधी के मुताबिक, सरकार की इस कार्रवाई से साफ है कि वह ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रही है।

राहुल गांधी ने दावा किया कि दिल्ली पुलिस के कई जवान भी सरकार के रवैये से नाराज हैं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी नहीं चाहते कि बच्चों और युवाओं के साथ बदसलूकी हो, लेकिन उन्हें प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा जा रहा है। राहुल ने बीजेपी और आरएसएस पर युवाओं के साथ अत्याचार करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार वोट चोरी के खिलाफ उठ रही आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है।

राहुल गांधी ने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक पहुंचने की अनुमति भी न मिले। उन्होंने सवाल किया कि जब ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इतने सवाल उठ रहे हैं, तो वह अपने पद से इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं। राहुल ने यह भी कहा कि सरकार को सड़कों पर 20 से 30 हजार पुलिसकर्मी तैनात करने चाहिए, ताकि देश देख सके कि मौजूदा हालात में क्या हो रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों को रोकने और युवाओं पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए जा रहे हैं, जबकि आरएसएस के सदस्यों को खुली छूट दी जा रही है। राहुल गांधी ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को जितनी अधिक सुरक्षा दी जाएगी, उनके मुताबिक, उनके पीछे मौजूद जिम्मेदार लोगों तक पहुंचना उतना ही आसान होगा।

राहुल गांधी ने दावा किया कि पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ और देश के लोग एक तरफ हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयोग के कुछ सदस्य दूसरी तरफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग कथित वोट चोरी को आसान बना रहे हैं और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे हैं।

सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करने की तैयारी

राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष के साथ भारत के मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर भारतीय लोकतंत्र और चुनावों की निष्पक्षता को लेकर चिंता जताई थी। उनके अनुसार, सीजेआई की ओर से जवाब मिलने के बाद उन्हें याचिका दाखिल करने के लिए कहा गया।

राहुल गांधी ने कहा कि वह INDIA गठबंधन के नेताओं के साथ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और याचिका दाखिल करेंगे। यह कदम चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और कथित वोट चोरी के मुद्दे को लेकर उठाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *