दिल्ली में आज घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक अपडेट, 6 मेट्रो स्टेशन बंद और कई रूट डायवर्ट

Knews Desk– राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार को कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सुबह 6 बजे से हालात के अनुसार अलग-अलग स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किए जाएंगे। ऐसे में वाहन चालकों को जाम का सामना करना पड़ सकता है। पुलिस ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने और घर से निकलने से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी लेने की अपील की है।

दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने भी सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए छह मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रखने की जानकारी दी है। यह व्यवस्था सोमवार सुबह 6 बजे से शाम 4 बजे तक लागू रहेगी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा करेंगी और आवश्यकतानुसार आगे की जानकारी दी जाएगी। हालांकि, इन सभी स्टेशनों पर यात्रियों के लिए इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।जिन छह मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रहेंगे, उनमें पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट और बाराखंबा रोड शामिल हैं। इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी के मुताबिक, शंकर रोड गोलचक्कर, वंदे मातरम टी-पॉइंट, धौला कुआं फ्लाईओवर, झंडेवालान गोलचक्कर, पंचकुइयां गोलचक्कर और मंडी हाउस गोलचक्कर के आसपास यातायात प्रभावित हो सकता है। इसके अलावा डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, राम चरण अग्रवाल चौक, मिंटो रोड, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग, गुरु नानक चौक और कनॉट प्लेस के आउटर सर्कल के आसपास भी आवाजाही पर असर पड़ने की आशंका है।भैरों रोड एमजीएम टी-पॉइंट, लोधी रोड फ्लाईओवर, नीला गुंबद गोलचक्कर, मदरसा टी-पॉइंट और सम्राट होटल गोलचक्कर के आसपास भी वाहन चालकों को परेशानी हो सकती है। इसके साथ ही सरदार पटेल मार्ग-पंचशील मार्ग चौराहा, भीकाजी कामा प्लेस, मोती बाग फ्लाईओवर, रिंग रोड-सैन मार्टिन मार्ग टी-पॉइंट और अशोक रोड-जंतर मंतर रोड गोलचक्कर पर भी यातायात प्रभावित रहने की संभावना है।

वहीं, विंडसर पैलेस गोलचक्कर, टॉल्स्टॉय-जनपथ चौराहा, रेल भवन गोलचक्कर, जय सिंह रोड-संसद मार्ग चौराहा, गोल डाक खाना गोलचक्कर और पटेल चौक गोलचक्कर के आसपास भी वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है। आरएमएल अस्पताल गोलचक्कर और कनॉट प्लेस-संसद मार्ग आउटर सर्कल टी-पॉइंट पर भी आवाजाही प्रभावित हो सकती है।दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली और सेंट्रल दिल्ली से होकर रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस अड्डों (ISBTs) और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है। ट्रैफिक की स्थिति के अनुसार प्रतिबंधों और डायवर्जन में बदलाव किया जा सकता है।यातायात से जुड़े ताजा अपडेट, वैकल्पिक रास्तों और डायवर्जन की जानकारी के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट traffic.delhipolice.gov.in और एक्स हैंडल @dtptraffic पर नजर रख सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *