CJP नेता अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली कैंट की अदालत में पेशी के बाद रिहा किया गया। दिपके ने कहा कि उन्होंने प्रदर्शन नहीं करने को लेकर कोई बॉन्ड साइन नहीं किया है।
Knews Desk – कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता अभिजीत दिपके ने रिहाई के बाद प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने ऐसा कोई बॉन्ड साइन नहीं किया है, जिसमें प्रदर्शन नहीं करने की बात कही गई हो। दिपके ने साफ कहा कि वे एक बार फिर सड़कों पर उतरेंगे।
रविवार सुबह अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को दिल्ली कैंट स्थित कार्यकारी मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किए जाने के बाद रिहा कर दिया गया। तीनों नेताओं को शनिवार को मुंबई से दिल्ली पहुंचने वाली फ्लाइट के लैंड करने के बाद विमान के अंदर ही हिरासत में लिया गया था। वे मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचे थे।
CJP के कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह के मुताबिक, तीनों नेताओं को इस शर्त पर रिहा किया गया कि वे एक साल तक शांति भंग नहीं करेंगे। इससे पहले रविवार सुबह दिल्ली पुलिस ने बताया था कि तीनों नेताओं को एहतियाती हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126 और धारा 170 के तहत कार्रवाई की थी। धारा 126 शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा से संबंधित है, जबकि धारा 170 संज्ञेय अपराध को रोकने के लिए गिरफ्तारी से जुड़ी है।
दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि अभिजीत दिपके, आशुतोष रांका और सौरव दास को 10 अक्टूबर 2026 को BNSS की धारा 126/170 के तहत एहतियाती हिरासत में लिया गया था। पुलिस के मुताबिक, सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया गया और तीनों नेताओं को 11 अक्टूबर 2026 को दिल्ली कैंट स्थित SEM कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद उन्हें रिहा कर दिया गया।