प्रयागराज में धर्म परिवर्तन कर सनातन धर्म अपनाने वाले देवव्रत शुक्ला ने अतीक अहमद के रिश्तेदारों पर हत्या की धमकी देने और मकान पर कब्जा करने की कोशिश का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक महिला समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Knews Desk– उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में धर्म परिवर्तन को लेकर धमकी देने का मामला सामने आया है। घूरपुर थाना क्षेत्र के सारंगापुर गांव में रहने वाले सलीम अंसारी ने 12 फरवरी 2024 को अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन कर सनातन धर्म अपना लिया था। इसके बाद उसने अपना नाम देवव्रत शुक्ला रख लिया। आरोप है कि उसके इस फैसले से नाराज होकर माफिया अतीक अहमद के चचेरे भाई हमजा समेत कुछ लोगों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके मकान पर कब्जा करने की बात कही।
देवव्रत शुक्ला के मुताबिक, उसके मकान में रेशमा नाम की महिला किराए पर रहती है। आरोप है कि महिला लंबे समय से किराया नहीं दे रही थी। इस वजह से जब उसने महिला से कमरा खाली करने को कहा, तो विवाद शुरू हो गया। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद उसे धमकियां मिलने लगीं। उसने आरोप लगाया कि धर्म परिवर्तन के बाद से ही हमजा उसे काफिर कहकर संबोधित करता है और मकान पर कब्जा करने के साथ जान से मारने की धमकी देता है।
पीड़ित ने इस मामले में पहले पुलिस से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर उसने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सुरक्षा की गुहार लगाई। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा और घूरपुर थाने में एक महिला समेत छह आरोपियों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया।
घूरपुर थाना प्रभारी हरकेश सिंह के अनुसार, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शिकायत सामने आने के बाद पुलिस टीम ने पीड़ित के घर पहुंचकर भी जानकारी जुटाई। जांच में पता चला कि हमजा की बहन वहां किराए पर रहती है और कमरा खाली कराने को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की पड़ताल कर रही है।