गोरखपुर पहुंचा 308 पहियों वाला विशाल ट्रक, 200 टन का बॉयलर लेकर निकला ‘महाबली’, टोल पर बनानी पड़ी अलग सड़क

गोरखपुर में 308 पहियों वाला विशाल मल्टी एक्सल हाइड्रोलिक ट्रक लोगों के आकर्षण का केंद्र बन गया है। 100 फीट लंबे और 200 टन से अधिक वजन वाले बॉयलर को लेकर जा रहे इस ट्रक को रास्ता देने के लिए टोल प्लाजा के पास नई सड़क तक बनानी पड़ी। इसे देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में इन दिनों 308 पहियों वाला विशाल ट्रक चर्चा का विषय बना हुआ है। बेल्जियम से समुद्री मार्ग के जरिए भारत पहुंचे इस ट्रक के माध्यम से 100 फीट लंबे और 200 टन से अधिक वजन वाले बॉयलर को उड़ीसा से बलरामपुर चीनी मिल के एथेनॉल प्लांट तक पहुंचाया जा रहा है। अपने विशाल आकार और भारी वजन के कारण यह ट्रक लोगों के लिए कौतूहल का विषय बन गया है।

गोरखपुर-वाराणसी हाईवे पर भीटहा टोल प्लाजा के पास इस ट्रक को निकालने में काफी परेशानी आई। भारी वजन को देखते हुए टोल प्लाजा के किनारे एक अलग लेन की सड़क तैयार करनी पड़ी। सड़क को भी इस तरह मजबूत बनाया गया, जिससे बॉयलर को सुरक्षित तरीके से आगे ले जाया जा सके। ट्रक के गुजरने के दौरान आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोगों ने इसके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और सेल्फी भी लीं।

इस विशाल ट्रक की रफ्तार भी इसके वजन के हिसाब से काफी धीमी है। 200 टन से अधिक वजन लेकर चलने के कारण यह एक दिन में महज 10 से 15 किलोमीटर की दूरी तय कर पा रहा है। लोगों के लिए 308 पहियों वाले इस ट्रक को देखना एक अनोखा अनुभव रहा। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने पहली बार इतना बड़ा ट्रक देखा है।

ट्रक को सुरक्षित रास्ता दिलाने के लिए विशेषज्ञों की टीम और दो पायलट वाहन भी साथ चल रहे हैं। रास्ते में जहां सड़क संकरी है, वहां उसे चौड़ा किया जा रहा है। इसके अलावा बिजली के तारों, फुट ओवरब्रिज और अन्य बाधाओं को देखते हुए ट्रक के गुजरने के लिए रास्ता तैयार किया जा रहा है।

गोरखपुर-वाराणसी हाईवे से आगे यह ट्रक गोरखपुर-लखनऊ हाईवे की ओर मुड़ेगा। इसके बाद बॉयलर को बलरामपुर चीनी मिल के एथेनॉल प्लांट तक पहुंचाया जाएगा। इतने विशाल और भारी उपकरण को सड़क मार्ग से गंतव्य तक पहुंचाना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसी वजह से पूरे रास्ते में सुरक्षा और सड़क की मजबूती पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *