Knews Desk– मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन को लेकर विपक्षी दलों के बीच मतभेद सामने आए हैं। आम आदमी पार्टी और वाम दलों ने प्रदर्शन में शामिल होने का ऐलान किया है, जबकि कांग्रेस इससे दूर रहेगी। राहुल गांधी आज चेन्नई में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन को लेकर विपक्षी दलों के रुख में अंतर दिखाई दे रहा है। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने सभी विपक्षी दलों को प्रदर्शन में शामिल होने का न्योता दिया था। आम आदमी पार्टी (AAP) और वाम दलों ने इसमें भागीदारी की घोषणा की है, जबकि कांग्रेस ने दूरी बनाए रखी है।
तृणमूल कांग्रेस (TMC) की भागीदारी को लेकर शुक्रवार रात तक स्थिति स्पष्ट नहीं थी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दिल्ली रवाना होने से पहले प्रदर्शन में शामिल होने की संभावना जताई थी, लेकिन अंतिम फैसला नहीं लिया गया था। उन्होंने CJP के साथ अपने संबंधों और समर्थन की बात भी कही थी।
AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने परिवार के साथ प्रदर्शन में शामिल होने की घोषणा की। उन्होंने देश के लोगों से जंतर-मंतर पहुंचने की अपील करते हुए कहा कि यह किसी एक व्यक्ति या पार्टी का नहीं, बल्कि पूरे देश का मुद्दा है।
वहीं, सीपीएम, सीपीआई, सीपीआई (एमएल), आरएसपी और ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक ने संयुक्त बयान जारी कर सभा और प्रदर्शन के अधिकार को मौलिक अधिकार बताया। सीपीएम महासचिव एमए बेबी ने प्रतिबंधों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की और कहा कि वाम दल पूरे दमखम के साथ प्रदर्शन में शामिल होंगे।