कनॉट प्लेस में युवाओं का प्रदर्शन, मोदी और दिल्ली पुलिस के समर्थन में नारे

Knews Desk– दिल्ली के कनॉट प्लेस और जनपथ इलाके में युवाओं के एक समूह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली पुलिस के समर्थन में नारेबाजी की। यह प्रदर्शन 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP के विरोध प्रदर्शन से पहले हुआ। पुलिस ने इलाके में लागू प्रतिबंधों का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस और जनपथ इलाके में शुक्रवार को युवाओं के एक समूह ने प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में नारे लगाए। युवाओं ने दिल्ली पुलिस के समर्थन में भी नारेबाजी की, जिससे इलाके में लोगों का ध्यान इस प्रदर्शन की ओर आकर्षित हुआ।

प्रदर्शन में शामिल युवा ‘मोदी जी संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं’ और ‘दिल्ली पुलिस लाठ बजाओ, हम तुम्हारे साथ हैं’ जैसे नारे लगाते नजर आए। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने दिल्ली पुलिस के पक्ष में भी अपना समर्थन जताया।

मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने प्रदर्शनकारियों को बताया कि संबंधित क्षेत्र में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू है। पुलिस ने प्रतिबंधों का हवाला देते हुए कहा कि इलाके में प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा सकती। इसके बाद प्रदर्शनकारियों को नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई।

वहीं, 10 अक्टूबर को प्रस्तावित CJP के प्रदर्शन को लेकर दिल्ली पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। संयुक्त पुलिस आयुक्त नूपुर प्रसाद ने बताया कि CJP के सह-संयोजक सौरव दास की ओर से जंतर-मंतर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) की जवाबदेही के मुद्दे पर प्रदर्शन के लिए आवेदन मिला था।

पुलिस के मुताबिक, कम समय पहले सूचना दिए जाने के कारण आवेदन खारिज कर दिया गया। निर्धारित नियमों के अनुसार, प्रस्तावित प्रदर्शन से 10 दिन पहले सूचना देना जरूरी है। पुलिस ने यह भी आरोप लगाया कि पार्टी अपने पिछले प्रदर्शन के दौरान कानूनी निर्देशों और अनुमति के लिए दी गई अंडरटेकिंग का पालन करने में विफल रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *