Knews Desk- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए मेडिकल कॉलेजों की संख्या, एमबीबीएस सीटों और स्वास्थ्य बीमा योजनाओं के विस्तार की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश स्वस्थ, सक्षम और आत्मनिर्भर प्रदेश बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया के माध्यम से ‘स्वस्थ-सक्षम उत्तर प्रदेश’ की तस्वीर साझा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और अंत्योदय के संकल्प के साथ प्रदेश सरकार वर्ष 2017 से पहले की स्वास्थ्य व्यवस्था की चुनौतियों को पीछे छोड़कर स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर काम कर रही है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उपचार की विवशता से स्वास्थ्य सुरक्षा के विश्वास तक पहुंचना प्रदेश की नई पहचान बन रहा है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने वर्ष 2017 और वर्तमान समय के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए बताया कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 36 से बढ़कर 85 हो गई है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में भी विस्तार हुआ है। प्रदेश में एमबीबीएस की सीटें 4,690 से बढ़कर 13,600 से अधिक हो चुकी हैं। इससे युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ने के साथ ही लोगों को अपने घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में भी मदद मिली है।
मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सुरक्षा योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य अभियान के तहत 10 करोड़ से अधिक प्रदेशवासी आच्छादित हैं। इन योजनाओं का उद्देश्य गंभीर बीमारियों के उपचार पर होने वाले भारी खर्च के बोझ को कम करना है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वस्थ उत्तर प्रदेश का लक्ष्य केवल उपचार की सुविधाएं बढ़ाना नहीं, बल्कि नागरिकों को स्वास्थ्य सुरक्षा का भरोसा देना भी है। प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और चिकित्सा सुविधाओं को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में प्रयासरत है।