आगरा से दिल्ली तक CEC ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा बढ़ी, आवास और चुनाव आयोग मुख्यालय पर बढ़ाई गई तैनाती

SIR को लेकर जारी विरोध प्रदर्शनों के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। दिल्ली स्थित उनके आवास, चुनाव आयोग मुख्यालय और आगरा स्थित पैतृक आवास पर अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है।

Knews Desk– विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर देशभर में हो रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्र सरकार ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने का फैसला किया है। दिल्ली स्थित उनके आवास और चुनाव आयोग मुख्यालय में अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही आगरा स्थित उनके पैतृक आवास की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है।

सुरक्षा से जुड़े अधिकारियों के अनुसार, ज्ञानेश कुमार को पहले से ही उच्च स्तर की सुरक्षा मिली हुई है। हालिया सुरक्षा आकलन के बाद उनके सुरक्षा घेरे में अतिरिक्त जवानों को शामिल किया जा रहा है। चुनाव आयोग के मुख्यालय निर्वाचन सदन में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।

निर्वाचन सदन के भीतर CISF की तैनाती बढ़ाई गई है। वहीं, मुख्यालय के बाहर RAF, CRPF और दिल्ली पुलिस के जवानों की तैनाती की गई है।

CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हो रहे विरोध प्रदर्शन दिल्ली तक सीमित नहीं हैं। उत्तर प्रदेश के आगरा में उनके विजय नगर स्थित पैतृक आवास के बाहर भी प्रदर्शन हो चुका है। 28 सितंबर को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके पैतृक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। इस दौरान घर के गेट और दीवार पर आपत्तिजनक नारे लिखे गए थे। मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इसके बाद आगरा स्थित आवास की सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।

SIR और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर विपक्षी दल लगातार विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस और INDIA ब्लॉक के नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन किया है। 7 अक्टूबर को विपक्षी सांसदों ने चुनाव आयोग मुख्यालय की ओर मार्च करने की कोशिश की थी, जिसके बाद कई नेताओं को हिरासत में लिया गया।

लगातार हो रहे प्रदर्शनों और मुख्य चुनाव आयुक्त के आवास तक विरोध पहुंचने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था का नए सिरे से आकलन किया है। इसके आधार पर दिल्ली और आगरा समेत अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *