KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के संगठन में हुए बदलाव को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश अध्यक्ष और सहारनपुर सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है। इस पर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रतिक्रिया दी है।
3 अक्टूबर को मीडिया से बातचीत में राजभर ने कहा कि कांग्रेस के संगठन में बदलाव से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने कांग्रेस को किसी मुस्लिम नेता को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करने की सलाह दी। राजभर ने समाजवादी पार्टी को भी ऐसी ही सलाह देते हुए कहा कि उसे भी किसी मुस्लिम चेहरे को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करना चाहिए।
राजभर ने कहा कि कांग्रेस और सपा को मुस्लिम समुदाय से काफी वोट मिले हैं और दोनों पार्टियों को इस वर्ग से मिले समर्थन को ध्यान में रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों में समय-समय पर संगठनात्मक बदलाव होते रहते हैं और कांग्रेस में भी यही हुआ है।
राजभर ने आराधना मिश्रा ‘मोना’ को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने के संदर्भ में महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी कांग्रेस और सपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पार्टियों ने लोकसभा और विधानसभा में महिला आरक्षण बिल का विरोध किया था। राजभर ने सवाल उठाया कि ऐसी स्थिति में ये दल महिलाओं के बीच जाकर वोट कैसे मांगेंगे।
उन्होंने कहा कि महिलाएं अब जागरूक हैं और राजनीतिक दलों से सवाल करेंगी कि जब महिलाओं के लिए आरक्षण का बिल आया था, तब उसका विरोध क्यों किया गया। राजभर के मुताबिक, चुनाव के दौरान महिलाओं के बीच यह मुद्दा उठ सकता है।