KNEWS DESK- काले चने प्रोटीन, फाइबर और आयरन जैसे पोषक तत्वों से भरपूर होते हैं। इन्हें अंकुरित करके खाने से डाइट में एक पौष्टिक विकल्प शामिल किया जा सकता है। जानिए घर पर आसानी से काले चने के स्प्राउट्स बनाने का तरीका और इससे तैयार होने वाली चटपटी चाट की रेसिपी।

मूंग दाल के स्प्राउट्स आपने कई बार खाए होंगे, लेकिन अगर आप अपनी डाइट में कुछ नया और स्वादिष्ट शामिल करना चाहते हैं तो काले चने के स्प्राउट्स ट्राई कर सकते हैं। काले चने में प्रोटीन, फाइबर और आयरन जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इन्हें अंकुरित करने के बाद आप सलाद, चाट या अपनी पसंद के दूसरे स्नैक्स में शामिल कर सकते हैं। काले चने के स्प्राउट्स बाजार से खरीदने की जरूरत नहीं है। इन्हें घर पर भी आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसके लिए आपको सिर्फ साबुत काले चने, पानी और एक साफ सूती कपड़े की जरूरत होगी। आइए जानते हैं घर पर स्प्राउट्स बनाने का आसान तरीका।
काले चने के स्प्राउट्स बनाने के लिए सामग्री
- 1 कप साबुत काले चने
- पानी
- साफ सूती कपड़ा या स्प्राउटिंग कंटेनर
घर पर ऐसे बनाएं काले चने के स्प्राउट्स
सबसे पहले काले चनों को अच्छी तरह साफ करें। इनमें अगर कोई खराब, टूटा या सिकुड़ा हुआ चना दिखाई दे तो उसे अलग कर दें। इसके बाद चनों को साफ पानी से 2 से 3 बार अच्छी तरह धो लें।
अब धुले हुए चनों को एक बर्तन में डालें और पर्याप्त पानी डालकर भिगो दें। चने पानी को सोखकर फूल जाएंगे। इन्हें कुछ घंटों तक पानी में भिगोकर रखना है।
जब चने अच्छी तरह फूल जाएं तो उनका पानी निकाल दें। इसके बाद चनों को एक बार साफ पानी से धो लें। अब एक साफ सूती कपड़ा लें और उसे हल्का गीला करें। इसमें सभी चनों को रखकर कपड़े को बांध दें। ध्यान रखें कि कपड़े को बहुत ज्यादा कसकर न बांधें।
अब इस कपड़े को घर में ऐसी जगह रखें जहां बहुत ज्यादा सीधी धूप न आती हो। चनों को अंकुरित होने के लिए नमी की जरूरत होती है, इसलिए कपड़े को पूरी तरह सूखने न दें।
आमतौर पर 24 से 48 घंटे के बीच चनों में सफेद अंकुर निकलने लगते हैं। अगर इस दौरान अंकुर नहीं निकलते हैं तो उन्हें कुछ और घंटों के लिए इसी तरह रखा जा सकता है। जब चनों से छोटे सफेद अंकुर दिखाई देने लगें तो आपके काले चने के स्प्राउट्स तैयार हैं।
तैयार स्प्राउट्स को साफ कंटेनर में रखकर फ्रिज में स्टोर किया जा सकता है। इन्हें खाने से पहले अच्छी तरह साफ कर लेना चाहिए।
स्प्राउट्स से ऐसे बनाएं चटपटी चाट
काले चने के स्प्राउट्स को आप सीधे सलाद के तौर पर खा सकते हैं या इनसे स्वादिष्ट चाट तैयार कर सकते हैं। इसके लिए सबसे पहले प्याज, टमाटर, हरी मिर्च, धनिया और ककड़ी को बारीक काट लें। अब इन सभी सब्जियों को अंकुरित काले चनों के साथ एक बाउल में डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इसमें स्वादानुसार नमक और थोड़ा सा चाट मसाला डालें। आखिर में ऊपर से ताजा नींबू का रस डालें और सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। इस तरह आपकी स्वादिष्ट और चटपटी काले चने की स्प्राउट्स चाट तैयार है। इसे आप नाश्ते या शाम के स्नैक के तौर पर खा सकते हैं।