सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में नियम सभी के लिए एक जैसे रहते हैं। लेकिन ‘बिग बॉस 11’ में एक ऐसा वाकया हुआ था, जब खुद बिग बॉस ने अपना ही नियम तोड़ दिया था। हिना खान को फटकार लगाने के लिए बिग बॉस ने हिंदी के बजाय अंग्रेजी में बात की थी।
Knews Desk – सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ में चाहे कोई कितना भी बड़ा सितारा क्यों न हो, शो के नियम तोड़ने पर किसी को ढील नहीं दी जाती। अगर बिग बॉस खुद किसी को थोड़ी मोहलत दे भी दें, तो ‘वीकेंड का वार’ में सलमान खान कंटेस्टेंट्स को आड़े हाथों लेने से नहीं चूकते। वैसे तो हर सीजन में घरवाले कई बार नियम तोड़ते हैं और उन्हें फटकार पड़ती है। लेकिन ‘बिग बॉस 11’ का एक वाकया आज भी इतिहास में सबसे अलग और यादगार माना जाता है।
इस सीजन में खुद बिग बॉस ने अपना ही सबसे बड़ा नियम ‘हिंदी में बात करना’ तोड़ दिया था। उन्होंने इंग्लिश में एक मशहूर कंटेस्टेंट की जमकर क्लास लगाई थी। वो कोई और नहीं, बल्कि टीवी की पॉपुलर एक्ट्रेस हिना खान थीं।
दरअसल, ‘बिग बॉस 11’ के दौरान घर में एक लग्जरी बजट टास्क चल रहा था। इसमें घरवाले बार-बार रूल्स तोड़ रहे थे। टास्क के दौरान जब हिना खान और उनके साथी खिलाड़ियों ने नियमों का उल्लंघन किया और लगातार इंग्लिश में बात करना जारी रखा, तो बिग बॉस का सब्र का बांध टूट गया।
‘बिग बॉस’ ने किसे लगाई थी फटकार?
आमतौर पर बिग बॉस कंटेस्टेंट्स को सिर्फ यह हिदायत देते हैं कि कृपया हिंदी में बात करें। लेकिन उस दिन माहौल इतना अलग था कि बिग बॉस ने सीधे इंग्लिश में अनाउंसमेंट कर दी।
हिना खान और दूसरे घरवालों को कड़ी फटकार लगाते हुए बिग बॉस ने माइक पर कहा, “हिना, अगर आपको इंग्लिश इतनी ही पसंद है और आप बार-बार इसमें बात करना चाहती हैं, तो मैं भी आपसे उसी भाषा में बात करता हूं…”
इसके बाद बिग बॉस ने इंग्लिश में बोलते हुए हिना खान और दूसरे घरवालों को नियम तोड़ने और शो के फॉर्मेट का अनादर करने पर खरी-खोटी सुनाई।
क्यों यादगार रहा ये मौका?
हिना खान 2 अक्टूबर को अपना जन्मदिन मना रही हैं। इसी खास मौके पर ‘बिग बॉस’ के इतिहास का यह बेहद दुर्लभ वाकया एक बार फिर चर्चा में है। जब बिग बॉस ने अपनी ट्रेडमार्क भारी हिंदी आवाज को छोड़कर अंग्रेजी में अनाउंसमेंट की, तो हिना खान समेत सभी घरवाले सन्न रह गए थे।
‘बिग बॉस 11’ टीवी इतिहास के सबसे हाई-ड्रामा और चर्चित सीजनों में से एक रहा है। हिना खान भी इस सीजन की सबसे चर्चित कंटेस्टेंट्स में शामिल थीं।