MLC चुनाव में कांग्रेस ने खोला पत्ता, 5 उम्मीदवार घोषित, RJD से 3 सीटों पर टक्कर

KNEWS DESK- बिहार में विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर महागठबंधन में सीटों का समीकरण उलझता दिख रहा है। कांग्रेस ने 23 अक्टूबर को होने वाले बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए पांच उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। इनमें तीन सीटों पर कांग्रेस का मुकाबला अपने ही सहयोगी दल RJD के उम्मीदवारों से होगा। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है।

इनमें चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र शामिल हैं। कांग्रेस ने दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा को दोबारा उम्मीदवार बनाया है, जबकि पटना शिक्षक सीट से संजय यादव को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने तीन स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में भी उम्मीदवार उतारे हैं। कोसी स्नातक से मनोज कुमार जायसवाल, दरभंगा स्नातक से रजनीकांत पाठक और पटना स्नातक से असदुल्लाह खान प्रत्याशी बनाए गए हैं। कांग्रेस की सूची जारी होने के बाद इन तीन स्नातक सीटों पर RJD के साथ सीधा मुकाबला तय हो गया है।

बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 16 नवंबर 2026 को खत्म हो रहा है। चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक 23 अक्टूबर को मतदान और 27 अक्टूबर को मतगणना होगी।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में मान्यता प्राप्त भारतीय विश्वविद्यालय से कम से कम तीन साल पहले स्नातक की डिग्री हासिल कर चुके और संबंधित निर्वाचन क्षेत्र में रहने वाले लोग मतदान कर सकते हैं। वहीं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में माध्यमिक विद्यालय, कॉलेज या विश्वविद्यालय में कम से कम तीन वर्ष का शिक्षण अनुभव रखने वाले शिक्षक मतदान के पात्र होते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *