फेस्टिव सीजन से पहले महंगा हुआ कमर्शियल LPG सिलेंडर, दिल्ली में दाम 2800 के पार

KNEWS DESK- फेस्टिव सीजन शुरू होने से पहले कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। पेट्रोलियम कंपनियों ने कमर्शियल LPG के दाम में 71.50 रुपये तक का इजाफा किया है। दिल्ली में कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 62.50 रुपये बढ़कर 2,810 रुपये हो गई है। वहीं घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

देश के प्रमुख शहरों की बात करें तो पटना में कमर्शियल गैस सिलेंडर 71.50 रुपये महंगा हुआ है। चेन्नई में इसकी कीमत 66.50 रुपये बढ़कर 2,983 रुपये हो गई है। वहीं मुंबई में कमर्शियल LPG के दाम 63 रुपये बढ़कर 2,764 रुपये हो गए हैं। दिल्ली में जुलाई के बाद पहली बार कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत 2,800 रुपये के स्तर को पार कर गई है। कमर्शियल LPG की कीमत बढ़ने से फेस्टिव सीजन में रेस्टोरेंट के खाने और मिठाइयों की कीमतों पर भी असर पड़ने के संकेत हैं।

घरेलू LPG की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं हुआ है। दिल्ली में घरेलू गैस सिलेंडर 942 रुपये, कोलकाता में 968 रुपये, मुंबई में 941.50 रुपये और चेन्नई में 957.50 रुपये में मिल रहा है। जून में आखिरी बार घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में बढ़ोतरी की गई थी।

वहीं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर पर वित्त वर्ष 2026-27 में 300 रुपये की सब्सिडी जारी रखने को मंजूरी दी गई है। 5 किलोग्राम वाले सिलेंडर पर सब्सिडी इसी अनुपात में दी जाएगी। इस पर कुल 12,001 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी के अनुसार, पश्चिम एशिया में संघर्ष और पारंपरिक ऊर्जा मार्गों में रुकावट के बावजूद भारत में LPG सप्लाई जारी है। मार्च 2026 में रिफाइनरियों को उत्पादन बढ़ाने के निर्देश के पांच दिनों के भीतर घरेलू LPG उत्पादन में 28 फीसदी की बढ़ोतरी की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *