डेटिंग ऐप पर महिला बनकर युवक को फंसाया, चैट वायरल करने की धमकी देकर ऐंठे 5 करोड़ रुपये

Knews Desk – जानकारी के अनुसार, हैदराबाद में रहने वाला पीड़ित युवक अगस्त 2025 में एक ऑनलाइन डेटिंग ऐप पर खुद को दिशा बताने वाली एक लड़की के कॉन्टैक्ट में आया। दिशा ने खुद को सॉफ्टवेयर प्रोफेशनल बताया और दोनों अक्सर चैट करने लगे। भरोसा होने के बाद युवक ने उसके साथ अपनी पर्सनल जानकारी शेयर की।

आरोपी ने पहले अपने पिता की मौत और अंतिम संस्कार के खर्च का हवाला देकर युवक से पैसे मांगे। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उसने कई UPI ट्रांजैक्शन के जरिए 4.3 लाख रुपये ट्रांसफर किए। जब पैसे वापस नहीं किए गए तो पीड़ित ने आगे पेमेंट करने से मना कर दिया। इसके बाद आरोपी ने युवक से कहा कि वह ट्रांसजेंडर कम्युनिटी से है और उसका असली नाम अलीना है।

इसके बाद युवक को धमकी दी गई कि अगर उसने पैसे नहीं दिए तो उसकी पर्सनल चैट वायरल कर दी जाएगी। पीड़ित ने आरोपी का नंबर ब्लॉक कर दिया। कई महीने बाद, जुलाई 2026 में आरोपी ने कथित तौर पर उससे फिर संपर्क किया और दावा किया कि उसकी मां ब्रेन ब्लड क्लॉट के कारण अस्पताल में भर्ती है। साथ ही पर्सनल चैट को प्राइवेट रखने के बदले पैसे की मांग और धमकियां जारी रहीं।

युवक की पर्सनल चैट उसके परिवार के साथ शेयर करने और सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी देकर जालसाज ने जुलाई से 15 सितंबर के बीच करोड़ों रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित ने 241 बार में पैसे ट्रांसफर किए। ज्यादातर ट्रांसफर ऑनलाइन किए गए, लेकिन सितंबर में आरोपी ने चार मौकों पर युवक से 77 लाख रुपये कैश में लिए।

पीड़ित ने अपनी सेविंग्स, फैमिली सेविंग्स और एक फ्लैट बेचने से मिले पैसे से 5 करोड़ रुपये से ज्यादा का पेमेंट किया। पेमेंट के बाद भी जब धमकियां मिलती रहीं तो पीड़ित ने अपने परिवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद 19 सितंबर को नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई। तेलंगाना साइबर सिक्योरिटी ब्यूरो ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी का पता लगाया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *