कश्मीरी गेट से महोबा जा रही डबल डेकर बस दयानतपुर गांव के पास आग की चपेट में आ गई थी। हादसे में 9 यात्रियों की मौत हुई। अब बस के परिवहन रिकॉर्ड से ट्रैफिक नियमों के कई उल्लंघनों की जानकारी सामने आई है।
Knews Desk– यमुना एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण बस हादसे में 9 यात्रियों की मौत के बाद अब दुर्घटनाग्रस्त बस के पुराने रिकॉर्ड की पड़ताल में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। कश्मीरी गेट से नोएडा होते हुए महोबा जा रही डबल डेकर बस मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात दयानतपुर गांव के पास अचानक आग की लपटों में घिर गई थी। बस में कुल 35 यात्री सवार थे। आग इतनी तेजी से फैली कि कई यात्रियों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। कुछ यात्रियों ने खिड़कियां तोड़कर और बस से कूदकर अपनी जान बचाई।
वाहन रिकॉर्ड के अनुसार, बस का रजिस्ट्रेशन 5 अप्रैल 2023 को बिहार के मधुबनी RTO में हुआ था। यह बस राज कल्पना ट्रैवल्स की है और इसका नंबर BR32PA8647 है। नवंबर 2022 में निर्मित Eicher Pro 6019 S CWC BS-VI मॉडल की इस बस का रंग रिकॉर्ड में काला दर्ज है।
रिकॉर्ड के मुताबिक, बस पर पहले से 20 चालान दर्ज थे। इन सभी चालानों की कुल राशि 1,07,632.40 रुपये बताई गई है। इनमें 7 चालान ओवरस्पीडिंग से संबंधित हैं। इसके अलावा बस के संचालन और ट्रैफिक नियमों से जुड़े कई अन्य उल्लंघन भी रिकॉर्ड में दर्ज हैं।
वाहन रिकॉर्ड में चार चालान बस को खतरनाक तरीके से खड़ा करने या गलत पार्किंग से जुड़े बताए गए हैं। दो चालान RC से संबंधित उल्लंघनों के हैं। एजेंट, कैनवेसर या एग्रीगेटर से जुड़े नियमों के उल्लंघन का रिकॉर्ड भी सामने आया है।
रिकॉर्ड में बस में निर्धारित फर्स्ट एड बॉक्स या दवाइयां नहीं मिलने और फायर एक्सटिंग्विशर से संबंधित उल्लंघन का भी जिक्र है। इसके साथ ही परमिट की शर्तों का उल्लंघन करने के कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुराने चालान रिकॉर्ड में बस की छत पर सामान ले जाने, चालक के यूनिफॉर्म में नहीं होने और जांच के दौरान जरूरी दस्तावेज पेश नहीं करने जैसे उल्लंघनों का भी उल्लेख है। बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने या चलवाने से संबंधित उल्लंघन भी रिकॉर्ड में दर्ज बताया गया है।
इसके अलावा कॉन्ट्रैक्ट कैरिज परमिट की अन्य शर्तों के उल्लंघन, वाहन में नियमों के विपरीत मोडिफिकेशन और साउंड कंट्रोल से जुड़े निर्धारित मानकों के उल्लंघन का भी रिकॉर्ड सामने आया है।
रिकॉर्ड में बस का इंश्योरेंस, फिटनेस और पॉल्यूशन सर्टिफिकेट उपलब्ध बताया गया है। हालांकि, बस को RTO की ओर से NOC जारी नहीं होने की जानकारी भी सामने आई है।
वहीं, शुरुआती जांच में बस के AC में शॉर्ट सर्किट, स्पार्क या ब्लास्ट की आशंका जताई गई है। इसके बाद इंजन में मौजूद लुब्रिकेंट ऑयल के आग पकड़ने की बात सामने आई है, जिसके चलते आग तेजी से पूरी बस में फैल गई। हालांकि, आग लगने की वास्तविक और अंतिम वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
हादसे के वक्त बस कश्मीरी गेट से नोएडा होते हुए महोबा जा रही थी। दयानतपुर गांव के पास अचानक धुआं उठने के बाद बस में आग भड़क गई। देखते ही देखते यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस भयावह हादसे में 9 यात्रियों की जान चली गई।