हनुमान अंश का बॉक्स ऑफिस पर करिश्मा जारी, 400 करोड़ के क्लब में शामिल होने की ओर फिल्म

Knews Desk – ‘हनुमान अंश’ फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है। बेहद कम बजट में बनी इस फिल्म ने अपनी कमाई से ऐसा करिश्मा कर दिखाया है, जिसके लिए बड़े-बड़े बजट वाली फिल्मों को भी लंबा इंतजार करना पड़ता है। फिल्म अब 2026 की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है और जल्द ही 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने की ओर बढ़ रही है।

फिल्म को सिनेमाघरों में रिलीज हुए करीब 50 दिन पूरे होने वाले हैं और इसके बावजूद इसकी कमाई में मजबूती बनी हुई है। सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 48वें दिन 4 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। फिल्म की यह कमाई 8वें हफ्ते में भी दर्शकों की दिलचस्पी को दिखाती है।

‘हनुमान अंश’ ने अब तक भारत में नेट कलेक्शन के तौर पर 284.93 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। वहीं फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 336.45 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। ओवरसीज मार्केट से फिल्म ने 35.75 करोड़ रुपये कमाए हैं। इस तरह फिल्म का अब तक का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 372.20 करोड़ रुपये हो चुका है।

कमाई के मामले में ‘हनुमान अंश’ ने साउथ सुपरस्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ को पीछे छोड़ दिया है, जिसने करीब 345 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इसके अलावा फिल्म ने तेलुगू सुपरस्टार राम चरण की ‘पेड्डी’ के 350 करोड़ रुपये के कलेक्शन को भी पीछे छोड़ दिया है।

अब ‘हनुमान अंश’ 2026 की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इसके आगे सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ है, जिसने करीब 464 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। वहीं 1852 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ पहले स्थान पर बताई जा रही है।

अब फिल्म की नजर 400 करोड़ रुपये के आंकड़े पर है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि ‘हनुमान अंश’ अपनी कमाई को कहां तक ले जाती है और क्या बॉक्स ऑफिस पर ‘बॉर्डर 2’ के लाइफटाइम कलेक्शन के करीब पहुंच पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *