Noida Sleeper Bus Fire Update: यमुना एक्सप्रेसवे पर कश्मीरी गेट से महोबा जा रही स्लीपर बस में लगी भीषण आग में 9 यात्रियों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में AC में शॉर्ट सर्किट या स्पार्क के बाद इंजन ऑयल में आग लगने की बात सामने आई है।
Knews Desk– ग्रेटर नोएडा के यमुना एक्सप्रेसवे पर 23-24 सितंबर की मध्य रात्रि एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई। यह बस कश्मीरी गेट, नई दिल्ली से महोबा जा रही थी। हादसा थाना जेवर क्षेत्र में 33 किलोमीटर माइलस्टोन के पास हुआ। पुलिस और फायर सर्विस की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और 20 से अधिक यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
गौतमबुद्धनगर के मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में बस के एयर कंडीशनर (AC) में शॉर्ट सर्किट, स्पार्क या ब्लास्ट होने की बात सामने आई है। इसके बाद बस के इंजन में मौजूद लुब्रिकेंट ऑयल ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस धूं-धूं कर जलने लगी।
बस का पंजीकरण नंबर BR32PA8647 बताया गया है। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जेवर टोल पर तैनात फायर टेंडर और चार अतिरिक्त फायर सर्विस यूनिट्स मौके पर पहुंचीं। फायर फाइटर्स ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बुझने के बाद बस के अंदर धुएं का घना गुबार था। फायर सर्विस और पुलिस टीम ने बस के भीतर प्रवेश किया तो वहां 9 यात्री मृत अवस्था में मिले। बताया गया कि यात्रियों की मौत जलने और दम घुटने से हुई। मृतकों की पहचान के लिए जेवर थाना पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।
हादसे के बाद पुलिस ने बस के चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है। जेवर थाने में संबंधित गंभीर धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। पुलिस मामले की कानूनी और तकनीकी जांच कर रही है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को घायलों और अन्य प्रभावित लोगों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए हैं।