विजयवाड़ा में खाना बांटने के कार्यक्रम की तैयारी के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। 46 वर्षीय महिला खौलते सांबर से भरे बड़े बर्तन में गिर गई। गंभीर रूप से झुलसी महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई।
Knews Desk– आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में रविवार को खाना बांटने के एक कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान 46 वर्षीय सुजाता के साथ यह दर्दनाक हादसा हो गया। सुजाता विजयवाड़ा के केएल राव नगर इलाके में कार्यक्रम के लिए खाने का अरेंजमेंट देख रही थीं। इसी दौरान वह खौलते सांबर के बर्तन में गिर गईं।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में दो महिलाएं एक बड़े बर्तन में खौलता हुआ सांबर लेकर आती दिखाई दे रही हैं। दोनों महिलाएं बर्तन को संभालकर आगे बढ़ रही थीं। इसी दौरान एक महिला ने बर्तन को अचानक नीचे रख दिया। इसके बाद दूसरी महिला का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खौलते हुए सांबर के बर्तन में जा गिरी।
बर्तन में गिरते ही महिला दर्द से चीखने लगी। हादसा होते ही मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत महिला को बाहर निकाला और उसे अस्पताल पहुंचाया। महिला को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा था।
हालांकि, महिला को बचाया नहीं जा सका। गंभीर रूप से झुलसने के कारण सोमवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब कार्यक्रम के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही थी। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी देख रही है।