Knews Desk – बिग बॉस 20 इस वक्त लगातार चर्चा में बना हुआ है। शो के होस्ट सलमान खान ने इस वीकेंड का वार में कई घरवालों को उनके रवैये को लेकर फटकार लगाई। इनमें अभिनेता आसिफ खान भी शामिल रहे। सलमान ने आसिफ के व्यवहार को लेकर सवाल उठाए और उन्हें कड़ी बातें सुनाईं। अब नए हफ्ते की शुरुआत में आसिफ एक अलग अंदाज में नजर आए हैं।
बिग बॉस के मेकर्स ने शो का नया प्रोमो जारी किया है। इसमें आसिफ खान किचन एरिया में अनार छीलते हुए कनिका मान से बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। बातचीत के दौरान आसिफ कलाकार की जिंदगी और उसकी सोच को लेकर अपनी बात रखते हैं।
आसिफ कनिका से कहते हैं कि एक कलाकार बाकी लोगों से काफी अलग होता है। उन्होंने समझाया कि कई बार कोई कलाकार अपने ही ख्यालों में इतना डूबा होता है कि सामने से निकलने वाले दोस्त को भी नहीं देख पाता। ऐसे में इसे जानबूझकर नजरअंदाज करना नहीं कहा जा सकता, क्योंकि कलाकार अक्सर अपनी ही दुनिया में रहता है।
‘सबसे महंगी चीज बेचते हैं हम’
आसिफ ने कलाकार की जिंदगी में मिलने वाली सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनके दोस्त अक्सर उनसे कहते हैं कि उन्हें वैनिटी वैन, स्पॉट बॉय जैसी सुविधाएं मिलती हैं। इस पर आसिफ का कहना है कि कलाकार असल में दुनिया की सबसे महंगी चीज बेचता है।
आसिफ ने कहा कि कलाकार अपनी ‘रूह’ बेचता है। उनके मुताबिक, एक अभिनेता अपने किरदार के लिए अपनी आत्मा और भावनाओं का इस्तेमाल करता है और इसी वजह से कलाकार का काम बाकी लोगों से अलग होता है।
आसिफ ने बताया सेलिब्रिटी का मतलब
बातचीत के दौरान आसिफ ने कनिका को ‘सेलिब्रिटी’ शब्द का मतलब भी समझाया। उन्होंने कहा कि कलाकारों को सेलिब्रिटी इसलिए कहा जाता है क्योंकि लोग उन्हें सेलिब्रेट करते हैं। आसिफ के मुताबिक, लोग कलाकारों को त्योहार की तरह मनाते हैं, क्योंकि कलाकार बदले में दर्शकों को कुछ बहुत बड़ी चीज देता है।
आसिफ का यह अंदाज उस वक्त देखने को मिला है, जब पिछले वीकेंड का वार में सलमान खान ने उन्हें उनके व्यवहार को लेकर फटकार लगाई थी। सलमान ने कहा था कि उन्हें आसिफ को लेकर फीडबैक मिल रहा है और कुछ लोग उन्हें बदतमीज बताते हुए शो से बाहर करने की बात कर रहे हैं।
अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में आसिफ का यह बदला हुआ अंदाज घर के दूसरे सदस्यों के साथ उनके रिश्तों पर कितना असर डालता है।