समीर अंजान ने सुनाया डेविड धवन का मजेदार रिएक्शन, ‘कुछ कुछ होता है’ के गाने पर बोले थे- “बड़ा गंदा गाना लिखा है तूने, यार!”

KNEWS DESK – भारत के जाने-माने ट्रेड एनालिस्ट कोमल नाहटा अपने पॉडकास्ट ‘गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज़’ के नए सीज़न के साथ वापस लौट आए हैं। इस सीरीज़ में मशहूर गायकों, संगीतकारों और संगीत की दुनिया से जुड़े दिग्गजों की रचनात्मक यात्राओं, उनकी प्रेरणाओं और उस संगीत के पीछे की अनकही कहानियों पर खास रोशनी डाली जा रही है, जिसने कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। लेटेस्ट एपिसोड में मशहूर गीतकार समीर अंजान बतौर मेहमान नजर आए।

चार दशकों से अधिक लंबे रिकॉर्डतोड़ करियर और हजारों आइकॉनिक गानों का हिस्सा रहे समीर अंजान बॉलीवुड के सबसे सफल और prolific गीतकारों में से एक हैं। 90 और 2000 के दशक के कई बड़े चार्टबस्टर्स को अपनी कलम से सजाने वाले समीर ने अपने गीतों के जरिए भावनाओं और कमर्शियल अपील का बेहतरीन संतुलन कायम किया, जिसकी वजह से वह अलग-अलग पीढ़ियों के फिल्ममेकर्स के पसंदीदा गीतकार बने रहे हैं।

बातचीत के दौरान सबसे मजेदार पलों में से एक वह था, जब समीर ने निर्देशक डेविड धवन के उस बेबाक रिएक्शन को याद किया, जो उन्होंने ‘कुछ कुछ होता है’ के आइकॉनिक टाइटल ट्रैक के रिलीज होने के बाद दिया था। समीर ने हंसते हुए बताया, “कुछ कुछ होता है का जो पहला गाना रिलीज हुआ था, वो ‘तुम पास आए, यूं मुस्कुराए’ था। डेविड धवन ने वो गाना सुना। उन्होंने मुझे फोन करके कहा, ‘बड़ा गंदा गाना लिखा है तूने, यार। मेरी पिक्चर में ऐसा गाना लिखना मत’ (हंसते हुए)! मैंने उनसे पूछा, ‘तेरी पिक्चर का गाना है? तू क्यों परेशान हो रहा है? जाने दे ना।’ उन्होंने कहा, ‘मेरी फिल्म के गाने भी रिलीज हुए हैं। उस फिल्म के म्यूजिक को खत्म नहीं कर दिया तो तू मुझे बता!’”

‘गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज़’ के साथ कोमल नाहटा भारतीय सिनेमा से जुड़ी बातचीत को एक नए अंदाज में पेश कर रहे हैं। इस खास एपिसोड को गेम चेंजर्स: द म्यूजिक सीरीज़’*= के यूट्यूब चैनल पर देखा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *