KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर पहली औपचारिक बैठक सोमवार को दिल्ली में हुई। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई यह बैठक करीब 30 मिनट चली। बैठक के बाद सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव ने कहा कि मंगलवार को फिर बैठक होगी और 2-3 दिन के भीतर सीट बंटवारे की पूरी बातचीत पूरी कर ली जाएगी। उन्होंने कहा कि समझौता सम्मानजनक तरीके से होगा।
बैठक में कांग्रेस की ओर से यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और सांसद इमरान मसूद शामिल हुए। वहीं, सपा की तरफ से रामगोपाल यादव, प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, सांसद राजीव राय और सांसद इकरा हसन बातचीत में शामिल हुए।
हर विधानसभा सीट पर होगी चर्चा
सपा सांसद राजीव राय ने बताया कि दोनों दल हर विधानसभा सीट पर अलग-अलग चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सीट बंटवारे में जीतने की क्षमता यानी विनेबिलिटी को आधार बनाया जाएगा। दोनों दल ऐसा समझौता चाहते हैं, जिसमें गठबंधन की जीत की संभावना मजबूत हो।
कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि दोनों पक्ष उन विधानसभा क्षेत्रों की शॉर्टलिस्टिंग करेंगे, जहां गठबंधन के जीतने की संभावना है। उन्होंने दावा किया कि गठबंधन उत्तर प्रदेश में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगा। इमरान मसूद ने भी बातचीत के सुचारू रूप से आगे बढ़ने का भरोसा जताया।
कांग्रेस ने मांगी 181 सीटें
औपचारिक बातचीत से पहले कांग्रेस ने सपा को 181 विधानसभा सीटों की सूची सौंपी थी। इसमें 135 सामान्य, 45 अनुसूचित जाति और एक अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित सीट शामिल है। वहीं, सूत्रों के मुताबिक सपा फिलहाल कांग्रेस को 50 से 60 सीटें देने के पक्ष में है। ज्यादा मांग होने पर 10 से 20 अतिरिक्त सीटों पर विचार किया जा सकता है।
अखिलेश यादव ने सीट बंटवारे के लिए चार सदस्यीय कमेटी बनाई है, जिसकी अगुवाई रामगोपाल यादव कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से भी बातचीत के लिए कमेटी बनाई गई है। 2022 में दोनों दलों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में INDIA गठबंधन के तहत साथ आए थे।