सारण में घर के बाहर महिला की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार बदमाश वारदात के बाद फरार

बिहार के सारण जिले में घर के बरामदे में बैठी 55 वर्षीय महिला को बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने गोली मार दी। गंभीर हालत में अस्पतालों के चक्कर लगाने के बाद पटना ले जाते समय महिला की मौत हो गई।

Knews Desk- बिहार के सारण जिले के तरैया थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के वक्त 55 वर्षीय नीलम देवी अपने घर के बरामदे में बैठी थीं। इसी दौरान बाइक से पहुंचे दो अज्ञात बदमाशों ने उन पर गोली चला दी और मौके से फरार हो गए।

गोली लगने के बाद नीलम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल तरैया रेफरल अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर देखते हुए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

छपरा सदर अस्पताल में इलाज के बाद भी उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ। डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना ले जाने की सलाह दी। परिजन नीलम देवी को लेकर पटना के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया।

मृतका की पहचान तरैया गांव निवासी स्वर्गीय अवधेश सिंह की पत्नी नीलम देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनके परिवार का तरैया के रामबाग इलाके में होटल का कारोबार भी है।

घटना की जानकारी मिलते ही तरैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि महिला पर हमला किस वजह से किया गया और वारदात को अंजाम देने वाले दोनों हमलावर कौन थे। तरैया थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है और अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए सुराग जुटाए जा रहे हैं।

फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले से जुड़े सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *