शिक्षा और रोजगार पर CM मोहन यादव का राहुल गांधी को जवाब, बोले- तथ्यों और आंकड़ों के साथ करें संवाद

इंदौर में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शिक्षा, रोजगार और प्रदेश के विकास को लेकर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि युवाओं और छात्रों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर होनी चाहिए।

Knews Desk– मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी के इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए उनके दावों पर सवाल उठाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों, युवाओं और शिक्षा जैसे गंभीर विषयों पर चर्चा करते समय तथ्यों को सामने रखना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में आंकड़ों के बजाय भ्रम पैदा करने की कोशिश की गई।

सीएम यादव ने मध्य प्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में ड्रॉपआउट दर को कम करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उनके मुताबिक, वर्ष 2002-03 में प्रदेश में ड्रॉपआउट दर करीब 16 प्रतिशत थी, जबकि वर्तमान में इसे शून्य तक लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उस समय स्कूल शिक्षा का बजट लगभग 2 हजार करोड़ रुपये था, जो अब बढ़कर 38,658 करोड़ रुपये हो गया है।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को मिलने वाली सुविधाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से छात्रों को गणवेश, साइकिल, लैपटॉप और स्कूटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उनका कहना था कि शिक्षा के साथ विद्यार्थियों को जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने पर भी सरकार लगातार काम कर रही है।

स्वास्थ्य और मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में हुए विस्तार का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1956 से 2002-03 तक मध्य प्रदेश में केवल पांच मेडिकल कॉलेज थे। अब प्रदेश में इनकी संख्या बढ़कर 33 हो गई है। उन्होंने दावा किया कि मेडिकल कॉलेजों में सीटों की संख्या भी करीब 680 से बढ़कर 7 हजार से अधिक हो चुकी है।

रोजगार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकारी विभागों में भर्ती की प्रक्रिया जारी है। उनके अनुसार, पुलिस विभाग में करीब 18 हजार पदों पर भर्ती की जा रही है और लगभग 10 हजार युवाओं को प्रशिक्षण देकर पुलिस सेवा से जोड़ा जा चुका है। स्कूल शिक्षा विभाग में भी 10 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया चल रही है, जबकि करीब 7 हजार प्राध्यापकों की भर्ती किए जाने की बात उन्होंने कही।

सीएम यादव ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था और बिजली उत्पादन से जुड़े आंकड़े भी सामने रखे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2002-03 में मध्य प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय करीब 11 हजार रुपये थी, जो अब बढ़कर 1.59 लाख रुपये हो गई है। इसी तरह बिजली उत्पादन क्षमता लगभग 5 हजार मेगावाट से बढ़कर करीब 32 हजार मेगावाट होने का दावा उन्होंने किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्य प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, आय और रोजगार समेत कई क्षेत्रों में बदलाव आया है। उन्होंने राहुल गांधी से अपील की कि यदि वह प्रदेश की जनता से संवाद कर रहे हैं तो विकास से जुड़े मुद्दों पर तथ्यों और आंकड़ों के आधार पर अपनी बात रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *