चीनी लोकतंत्र पार्टी के चेयरमैन जी वानजुन ने दावा किया है कि भारत में BRICS समिट में शामिल होने के बाद चीन लौटे राष्ट्रपति शी जिनपिंग को बीजिंग एयरपोर्ट से सीधे अस्पताल ले जाया गया. हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.
Knews Desk-चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग की सेहत को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है. चीनी लोकतंत्र पार्टी (CDP) के चेयरमैन जी वानजुन के मुताबिक, BRICS समिट में हिस्सा लेने के बाद चीन लौटे जिनपिंग को बीजिंग एयरपोर्ट से सीधे सैन्य हेलीकॉप्टर के जरिए 301 अस्पताल ले जाया गया. उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रपति को वहां आपातकालीन चिकित्सा सहायता दी गई.
जी वानजुन ने कथित प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से कहा कि जिनपिंग के चीन लौटने पर बीजिंग एयरपोर्ट पर सामान्य दिनों जैसा आधिकारिक स्वागत नहीं हुआ. उनके मुताबिक, एयरपोर्ट पर बड़ी संख्या में अधिकारी मौजूद नहीं थे और कोई औपचारिक स्वागत समारोह भी नहीं हुआ. दावा है कि एयरपोर्ट से राष्ट्रपति को सीधे अस्पताल पहुंचाया गया.
हालांकि, इन दावों के समर्थन में कोई स्वतंत्र रूप से सत्यापित सबूत सामने नहीं आया है.
BRICS समिट में भी बिगड़ी थी तबीयत, दावा
चीनी लोकतंत्र पार्टी के चेयरमैन ने यह भी कहा कि नई दिल्ली में आयोजित BRICS समिट के दौरान शी जिनपिंग की तबीयत अचानक खराब हो गई थी. उनके मुताबिक, वहां मौजूद मेडिकल टीम ने राष्ट्रपति को संभाला था. वानजुन का दावा है कि इसी वजह से जिनपिंग ने भारत यात्रा अपने निर्धारित कार्यक्रम से पहले समाप्त की.
इन दावों की पुष्टि चीन सरकार, बीजिंग 301 अस्पताल या किसी विश्वसनीय स्वतंत्र स्रोत ने नहीं की है. इसलिए जिनपिंग की सेहत को लेकर सामने आई जानकारी को फिलहाल अपुष्ट दावे के तौर पर ही देखा जा रहा है.
PM मोदी के गाला डिनर में शामिल नहीं हुए थे जिनपिंग
BRICS समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शी जिनपिंग के बीच द्विपक्षीय बैठक हुई थी. हालांकि, पीएम मोदी की ओर से आयोजित गाला डिनर में चीनी राष्ट्रपति शामिल नहीं हुए थे. उनकी अनुपस्थिति की आधिकारिक वजह सार्वजनिक नहीं की गई.
शी जिनपिंग करीब सात साल बाद BRICS समिट में हिस्सा लेने भारत पहुंचे थे. इससे पहले अक्टूबर 2019 में उन्होंने तमिलनाडु के महाबलीपुरम में आयोजित अनौपचारिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत का दौरा किया था.