CM रेखा गुप्ता का बड़ा एलान, 10 हजार छात्रों के बनेंगे हॉस्टल

KNEWS DESK- दिल्ली सरकार ने छात्रों को सुरक्षित, किफायती और सुविधाजनक आवास उपलब्ध कराने के लिए बड़े पैमाने पर छात्रावास निर्माण की घोषणा की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि सरकार 10,000 छात्रों के लिए छात्रावास बनाएगी। इनमें छात्र और छात्राएं दोनों रह सकेंगे। यह सुविधा दिल्ली के किसी भी विश्वविद्यालय या कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध होगी।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस योजना को लेकर संबंधित विभागों के साथ बैठकें हो चुकी हैं। छात्रावासों के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान कर ली गई है और नीति का मसौदा तैयार किया जा रहा है। सरकार छात्रावासों में भोजन, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी ध्यान रखेगी, ताकि छात्रों को रहने और खाने की चिंता न हो।

रेखा गुप्ता ने कहा कि छात्रावास इतने सुरक्षित होंगे कि देशभर के माता-पिता अपने बच्चों को निश्चिंत होकर दिल्ली भेज सकेंगे। सरकार का उद्देश्य छात्रों को बेहतर माहौल देना है, जिससे वे आवास संबंधी परेशानियों से मुक्त होकर अपनी पढ़ाई, करियर और सपनों पर ध्यान केंद्रित कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *