KNEWS DESK- दिल्ली बीजेपी के मुंडका विधायक गजेंद्र दराल और कंझावला मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार के बीच विवाद पार्टी की अनुशासन समिति तक पहुंच गया है। दिल्ली प्रदेश बीजेपी ने दोनों नेताओं से स्पष्टीकरण मांगा है। दोनों को 16 सितंबर को दोपहर 3 बजे अनुशासन समिति के सामने अपना पक्ष रखना होगा।
कंझावला मंडल अध्यक्ष सुनील कुमार ने विधायक गजेंद्र दराल पर मारपीट और जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। सुनील के मुताबिक, विधायक ने उन्हें वोटर लिस्ट लेकर बैठक के बहाने बीजेपी कार्यालय बुलाया था। वहां उन्हें रोककर रातभर डंडे, पाइप और बेल्ट से पीटा गया। उन्होंने सोशल मीडिया पर चोट के निशान भी दिखाए।
सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान कार्यालय के सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए गए थे और दरवाजे अंदर से लॉक कर दिए गए थे। उन्होंने गाली-गलौज और जातिसूचक टिप्पणी का भी आरोप लगाया है। सुनील का कहना है कि उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। मामले पर आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर निशाना साधा है। AAP नेता कुलदीप कुमार ने विधायक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और आरोप लगाया कि दलित मंडल अध्यक्ष के साथ दुर्व्यवहार किया गया।
बीजेपी ने विवाद का संज्ञान लेते हुए विधायक गजेंद्र दराल और सुनील कुमार, दोनों को जवाब देने का मौका दिया है। अनुशासन समिति दोनों पक्षों को सुनने के बाद आगे की कार्रवाई पर फैसला कर सकती है।