KNEWS DESK– राजस्थान के शहरी निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने शानदार प्रदर्शन किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी की जीत पर जनता का आभार जताते हुए इसे ‘झूठ की गूंज पर सच की जीत’ बताया। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने डबल इंजन सरकार की सुशासन और विकास नीतियों पर भरोसा जताया है।
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर पोस्ट कर चुनाव जीतने वाले उम्मीदवारों और पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह जनादेश राज्य को विकास की नई ऊंचाइयों पर ले जाने और हर व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने के संकल्प को मजबूत करेगा।
10 में से 4 नगर निगमों में बीजेपी को बहुमत
राज्य में हुए निकाय चुनावों में बीजेपी ने 10 नगर निगमों में से 4 में स्पष्ट बहुमत हासिल किया। जयपुर, कोटा, उदयपुर और भीलवाड़ा नगर निगमों में बीजेपी बहुमत के आंकड़े तक पहुंची। वहीं, कांग्रेस ने बीकानेर नगर निगम में बहुमत हासिल किया। राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक, 10,235 वार्डों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। बीजेपी को 4,179 और कांग्रेस को 3,613 वार्डों में जीत मिली है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) ने 63, आम आदमी पार्टी ने 42 और बहुजन समाज पार्टी ने 19 वार्ड जीते हैं।
बीजेपी अध्यक्ष और सीएम ने जताया आभार
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राजस्थान की जनता का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लोगों का विश्वास कायम है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी जीत को सरकार के विकास कार्यों पर जनता की मुहर बताया। हालांकि, मुख्यमंत्री के गृह जिले भरतपुर में निर्दलीय उम्मीदवारों ने 65 में से 36 वार्ड जीतकर बड़ा प्रभाव डाला। बीजेपी को 20 और कांग्रेस को 7 वार्डों में जीत मिली।