मध्य प्रदेश के पन्ना में इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती का अंत हत्या के रूप में हुआ। पुलिस के मुताबिक, लड़की के मामा ने बातचीत बंद कराने में नाकाम रहने के बाद भांजी के जरिए युवक को मिलने बुलाया और अपने साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। मामले में एक आरोपी गिरफ्तार है, जबकि दूसरा फरार बताया जा रहा है।
Knews desk- मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में इंस्टाग्राम पर शुरू हुई दोस्ती ने एक युवक की जान ले ली। बृजपुर थाना क्षेत्र के नानकी गांव निवासी संदीप गौड़ की पास के गांव की एक लड़की से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बढ़ती नजदीकियों से लड़की का मामा नीरज उर्फ नल्लू गौड़ नाराज था।
पुलिस के अनुसार, नीरज ने पहले दोनों की बातचीत बंद कराने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो उसने भांजी के जरिए संदीप को मिलने बुलाने की कथित साजिश रची।
पुलिस की जांच के मुताबिक, 9 सितंबर की रात लड़की ने संदीप को फोन किया और घर के पीछे खेतों में मिलने के लिए बुलाया। संदीप जब वहां पहुंचा तो नीरज और उसका साथी राजबहादुर पहले से मौजूद थे।
आरोप है कि दोनों ने संदीप को पकड़ लिया और घसीटते हुए जंगल की ओर ले गए। वहां पत्थरों से उसके सिर और चेहरे पर हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को चट्टानों के बीच गहरी दरार में छिपा दिया गया, ताकि पहचान और सबूत मिटाए जा सकें।
10 सितंबर को दर्ज हुई गुमशुदगी
संदीप के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। 10 सितंबर को गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मोबाइल फोन और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
जांच के दौरान जंगल में शव होने की जानकारी मिली। इसके बाद 12 सितंबर को पुलिस ने संदीप का शव बरामद कर लिया।
एएसपी पन्ना वंदना सिंह चौहान के मुताबिक, पुलिस ने मुख्य आरोपी नीरज उर्फ नल्लू गौड़ को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना पत्थर और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। मामले में नाबालिग लड़की को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वारदात में शामिल राजबहादुर अभी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस अब हत्या की साजिश, आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।