Jharkhand Crime News: विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ कुमार के साथ मारपीट और कथित अपहरण प्रयास के मामले में रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने फरार चल रहे पांच आरोपियों को कोलकाता से गिरफ्तार किया है.
kNEWS dESK- झारखंड के रांची में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ कुमार के साथ मारपीट और कथित अपहरण के मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सभी आरोपी घटना के बाद फरार चल रहे थे और उन्हें कोलकाता से पकड़ा गया है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रौनक सिंह राजपूत, प्रकाश गुप्ता, आयुष कुमार, प्रीतम और ज्ञानदीप के रूप में हुई है.
यूनिवर्सिटी के बाहर हुआ था विवाद
मामला 7 सितंबर का है. सौरभ कुमार रांची के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित नयासराय की एमिटी यूनिवर्सिटी से क्लास खत्म करने के बाद बाहर निकले थे. इसी दौरान दूसरे गुट के युवकों से उनका विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई.
आरोप है कि मारपीट के बाद सौरभ को कार में बैठाकर ले जाने की कोशिश भी की गई. विधायक जनार्दन पासवान ने इसकी सूचना रांची के एसएसपी को दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की.
दो घंटे में बरामद हुआ था विधायक का बेटा
पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के करीब दो घंटे के भीतर सौरभ कुमार को सकुशल बरामद कर लिया था. इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही थी.
इस मामले में रांची के सिटी एसपी ने पहले मीडिया को बताया था कि घटना युवकों के दो गुटों के बीच विवाद का नतीजा थी. पुलिस के मुताबिक, यूनिवर्सिटी के बाहर शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था, जिसके बाद मारपीट हुई.
पुलिस ने उस समय अपहरण की बात से इनकार किया था. मामले में दोनों पक्षों की ओर से विधानसभा थाने में एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी.
अब पांच आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.