जोमैटो ने कैश ऑन डिलीवरी पर लगाया अतिरिक्त शुल्क, ग्राहकों से वसूले जा रहे 5 से 20 रुपये

KNEWS DESK- ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो ने कैश ऑन डिलीवरी यानी सीओडी का विकल्प चुनने वाले ग्राहकों से अतिरिक्त शुल्क लेना शुरू कर दिया है। रिपोर्टों के मुताबिक, ग्राहकों से इस सुविधा के लिए 5 से 20 रुपये तक वसूले जा रहे हैं। यह चार्ज ऐप के बिल में अलग से दिखाई देता है।

ग्राहक जब डिलीवरी के समय नकद भुगतान का विकल्प चुनते हैं, तो उनके ऑर्डर में कैश ऑन डिलीवरी शुल्क जुड़ जाता है। ऐप के कुछ स्क्रीनशॉट में यह चार्ज 5 रुपये दिख रहा है। हालांकि, कई रिपोर्टों में दावा किया गया है कि कुछ यूजर्स से 7 रुपये या 20 रुपये तक भी लिए गए हैं। यह शुल्क जोमैटो के प्लेटफॉर्म शुल्क, रेस्तरां पैकेजिंग चार्ज और जीएसटी से अलग है। वहीं, ऑनलाइन भुगतान करने वाले ग्राहकों से कैश ऑन डिलीवरी शुल्क नहीं लिया जा रहा है।

इस शुल्क को तय करने का आधार अभी स्पष्ट नहीं है। यह पता नहीं चल सका है कि चार्ज ऑर्डर की कीमत, ग्राहक के स्थान या किसी अन्य मापदंड के आधार पर निर्धारित किया जा रहा है। इस संबंध में जोमैटो से टिप्पणी मांगी गई, लेकिन खबर लिखे जाने तक कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। जोमैटो रोजाना करीब 23 से 25 लाख ऑर्डर पूरे करता है। ऐसे समय में जब फूड डिलीवरी बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है, कंपनी का यह कदम ग्राहकों के लिए अतिरिक्त खर्च बढ़ा सकता है। रैपिडो का फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म लोकप्रिय हो रहा है, जबकि फ्लिपकार्ट भी अपनी ईट-इन सेवा का परीक्षण कर रहा है।

जोमैटो के प्रमुख प्रतिद्वंद्वी स्विगी ने फिलहाल कैश ऑन डिलीवरी पर ऐसा कोई शुल्क लागू नहीं किया है। हालांकि, कंपनी भविष्य में इस तरह का चार्ज लगाएगी या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *