बिहार के मुजफ्फरपुर में बदमाशों ने चंद्रशील विद्यापीठ स्कूल की बिल्डिंग पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं. इसके बाद स्कूल प्रबंधन को धमकी भरा पर्चा चिपकाकर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई. पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई है. पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
Knews Desk- मुजफ्फरपुर के कांटी थाना क्षेत्र में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात बाइक सवार दो बदमाशों ने स्कूल को निशाना बनाया. हेलमेट पहने एक युवक ने पिस्टल से स्कूल की इमारत पर करीब 18 राउंड फायरिंग की. इसके बाद दोनों आरोपी मौके पर धमकी भरा पर्चा चिपकाकर फरार हो गए.
सुबह स्कूल की दीवार पर गोलियों के निशान और रंगदारी मांगने वाला पर्चा देखकर प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू कर दी. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
13 साल से चल रहा है जमीन विवाद
पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है. स्कूल संचालक समेत अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है. प्रबंधन के मुताबिक, स्कूल से जुड़ा करीब 13 साल पुराना जमीन विवाद भी चल रहा है. पुलिस को आशंका है कि फायरिंग के पीछे इसी विवाद की भूमिका हो सकती है.
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने एसडीपीओ पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में एसआईटी गठित की है. टीम रंगदारी मांगने और फायरिंग करने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी है.