नेपाल बाढ़ पीड़ितों के लिए अमेरिका ने बढ़ाया मदद का हाथ, 50 लाख डॉलर से ज्यादा की सहायता मंजूर

KNEWS DESK- नेपाल में बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए अमेरिका ने अतिरिक्त वित्तीय और मानवीय सहायता मंजूर की है. अमेरिकी विदेश विभाग के मुताबिक, अब तक नेपाल को 50 लाख डॉलर से अधिक की सहायता दी जा चुकी है. इसमें नेपाल पुलिस को फोरेंसिक सहायता और डीएनए किट उपलब्ध कराने के लिए 10 लाख डॉलर की फंडिंग भी शामिल है.

10 हजार परिवारों को मिलेगा भोजन

अमेरिकी सहायता में विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) के जरिए 30 लाख डॉलर की खाद्य और लॉजिस्टिक्स मदद शामिल है. इसके तहत बाढ़ प्रभावित 10 हजार परिवारों को तीन महीने तक आपातकालीन भोजन उपलब्ध कराया जाएगा. दूरदराज के इलाकों तक राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हवाई और जमीनी परिवहन की व्यवस्था की जा रही है.

आश्रय और स्वास्थ्य सेवाओं पर जोर

कैथोलिक रिलीफ सर्विसेज (CRS) के माध्यम से 6.85 लाख डॉलर की सहायता भोजन, आश्रय, पेयजल, स्वच्छता और सुरक्षा के लिए दी गई है. राहत सामग्री में कंबल, प्लास्टिक शीट, टेंट, सोलर लाइट और जरूरी सामान शामिल हैं. बच्चों के लिए सुरक्षित स्थान भी बनाए जा रहे हैं.

वहीं, झपीगो, एफएचआई-360 और यूनिसेफ के माध्यम से स्वास्थ्य, पोषण और स्वच्छता सेवाओं के लिए 3.65 लाख डॉलर की मदद दी गई है.

पीड़ितों की पहचान में FBI जुटी

बाढ़ आपदा में मारे गए लोगों की पहचान के लिए अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो (FBI) के फोरेंसिक विशेषज्ञ नेपाल पुलिस के साथ काम कर रहे हैं. यह सहायता अमेरिकी नागरिकों के परिवारों और अन्य पीड़ितों की पहचान में मदद कर रही है.

खोज और बचाव के लिए अमेरिकी सैन्य मदद

अमेरिकी सेना ने नेपाल के नेतृत्व वाले खोज, बचाव और राहत अभियानों के लिए 5 हजार विशेष आपदा पीड़ित रिकवरी सामग्री, 500 फर्स्ट एड किट, स्ट्रेचर और फ्रंट-एंड लोडर उपलब्ध कराए हैं. चार सदस्यीय अमेरिकी सैन्य सिविल अफेयर्स टीम राहत परियोजनाओं के लिए नेपाल में मौजूद है.

अमेरिका ने कहा है कि वह नेपाल सरकार के साथ मिलकर जरूरत के मुताबिक अतिरिक्त सहायता देने के लिए तैयार है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *