अनुराग कश्यप की बच्चों के लिए वापसी, 23 अक्टूबर को रिलीज होगी ‘लिटिल थॉमस’

KNEWS DESK – बॉलीवुड के चर्चित फिल्ममेकर अनुराग कश्यप एक बार फिर बच्चों के लिए फिल्म लेकर आ रहे हैं। साल 2007 में रिलीज हुई एनिमेटेड फिल्म ‘रिटर्न ऑफ हनुमान’ के बाद वह बच्चों के सिनेमा में वापसी कर रहे हैं। उनकी नई फिल्म ‘लिटिल थॉमस’ में गुलशन देवैया और रसिका दुग्गल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। कौशल ओझा के निर्देशन में बनी यह फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

‘लिटिल थॉमस’ का निर्माण लुमिनोसो पिक्चर्स, सिविक स्टूडियोज, गुड बैड फिल्म्स, रंजन सिंह की फ्लिप फिल्म्स और अनुराग कश्यप ने मिलकर किया है। फिल्म में चाइल्ड आर्टिस्ट हृदयांश पारेख ने थॉमस का किरदार निभाया है। यह एक मासूम और दिल छू लेने वाली कहानी है, जिसे बच्चों के साथ-साथ बड़े दर्शक भी पसंद कर सकते हैं।

क्या है ‘लिटिल थॉमस’ की कहानी?

फिल्म की कहानी 1990 के दशक के गोवा में रहने वाले एक छोटे बच्चे थॉमस के इर्द-गिर्द घूमती है। थॉमस अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है और उसकी सबसे बड़ी इच्छा है कि उसका एक छोटा भाई हो।

एक दिन उसे पता चलता है कि छोटा भाई पाने के लिए उसके माता-पिता को एक-दूसरे को किस करना होगा। लेकिन थॉमस के माता-पिता हमेशा आपस में झगड़ते रहते हैं और एक-दूसरे के करीब आने को तैयार नहीं होते। ऐसे में थॉमस अपने माता-पिता को फिर से करीब लाने की जिम्मेदारी उठाता है।

फिल्म में थॉमस की मासूम कोशिशों, मजेदार कारनामों और परिवार को साथ लाने की उसकी जद्दोजहद को दिखाया गया है।

रसिका दुग्गल ने फिल्म को लेकर क्या कहा?

फिल्म के बारे में बात करते हुए रसिका दुग्गल ने कहा कि ‘लिटिल थॉमस’ बिना किसी फालतू तामझाम के अपनी कहानी पर ध्यान केंद्रित करती है। उनके मुताबिक, आज के समय में बच्चों के लिए ऐसी फिल्में कम बन रही हैं, जो उन्हें कमतर समझे बिना उनकी भावनाओं और समझ को महत्व देती हों।

रसिका ने कहा कि यह फिल्म बच्चों के लिए जरूर है, लेकिन इसका आनंद बड़े दर्शक भी उतनी ही सहजता से उठा सकते हैं।

निर्देशक और निर्माता ने भी साझा किए अनुभव

निर्देशक कौशल ओझा ने बताया कि फिल्म की कहानी उनके अपने बचपन से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि बच्चों के साथ शूटिंग करना बेहद उत्साहपूर्ण अनुभव रहा और सेट पर उनकी ऊर्जा और आपसी केमिस्ट्री फिल्म में भी दिखाई देती है। उनके मुताबिक, ‘लिटिल थॉमस’ दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ भावुक भी करेगी।

वहीं, निर्माता रंजन सिंह ने फिल्म को सादगी और परिवार के साथ देखने लायक कहानी बताया। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार और बड़े बजट वाली फिल्मों के दौर में ‘लिटिल थॉमस’ एक ऐसी सरल कहानी लेकर आ रही है, जिसे परिवार के सभी सदस्य साथ बैठकर देख सकते हैं।

फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *