दूध में नशीली गोलियां मिलाकर पति को पिलाया, फिर नहीं खुली आंखें; प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची खौफनाक साजिश

Muzaffarnagar Crime News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में अवैध संबंधों के चलते एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी. आरोप है कि पत्नी ने प्रेमी से नशीली गोलियां मंगवाकर दूध में मिला दीं और पति को पिला दिया. रात में दूध पीने के बाद पति सो गया, लेकिन सुबह उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है.

Knews desk- यह मामला मुजफ्फरनगर के रतनपुरी थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर की रात शाकिब की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी. अगले दिन 8 सितंबर को पुलिस को शव मिलने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शाकिब की पत्नी तबस्सुम के अपने ननदोई शाहरूख के साथ कथित तौर पर अवैध संबंध थे. बताया जा रहा है कि शाकिब को दोनों के रिश्ते की जानकारी हो गई थी और वह उनके बीच बाधा बन रहा था.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर पुलिस को पता चला कि शाकिब की मौत दूध में नशीली गोलियां मिलाने से हुई थी. संदेह के आधार पर पुलिस ने उसकी पत्नी तबस्सुम को हिरासत में लेकर पूछताछ की.

पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में आरोपी महिला ने वारदात को लेकर गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन बाद में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पूछताछ में उसने प्रेमी शाहरूख के साथ मिलकर पति की हत्या की बात बताई. इसके बाद पुलिस ने शाहरूख को भी गिरफ्तार कर लिया.

दो साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या की बात स्वीकार की है. पुलिस के अनुसार, तबस्सुम और शाहरूख के बीच करीब दो साल से संबंध थे. जब शाकिब को इसकी जानकारी हुई तो वह दोनों के रिश्ते में रुकावट बनने लगा.

आरोप है कि इसी वजह से दोनों ने मिलकर शाकिब को रास्ते से हटाने की साजिश रची. पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *