पत्रकारों के बीच PM मोदी ने सुनाया पुराना किस्सा, बोले- एक दिन अचानक कमरे में पहुंच गई थी पत्रकारों की ‘गैंग’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में पत्रकारों के साथ दीपावली मिलन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों की व्यस्त दिनचर्या, मीडिया के साथ अपने पुराने संबंध और गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर पत्रकारों से मिलने के एक पुराने किस्से को याद किया।

Knews Desk – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को नई दिल्ली स्थित बीजेपी के केंद्रीय कार्यालय में पत्रकारों के साथ दीपावली मिलन समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों और उनके परिवारों को दीपावली और छठ पर्व की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने कहा कि त्योहारों के दौरान हर कोई अपने परिवार के साथ समय बिताने की कोशिश करता है, लेकिन पत्रकारों की जिंदगी में ब्रेकिंग न्यूज के लिए लगातार भागदौड़ लगी रहती है।

पीएम मोदी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि पत्रकारों की व्यस्तता के बावजूद वे इस ‘नॉन ब्रेकिंग न्यूज’ कार्यक्रम में पहुंचे, जिसके लिए वह सभी के आभारी हैं।

‘ब्रेकिंग न्यूज के लिए आपकी भागदौड़ लगी रहती है’

पीएम मोदी ने पत्रकारिता के बदलते दौर को याद करते हुए कहा कि उन्होंने प्रेस रिलीज से लेकर इंस्टा रील तक मीडिया और मीडिया संवाद का लंबा दौर देखा है। उन्होंने 90 के दशक की शुरुआत का जिक्र करते हुए बताया कि उस समय देशभर में दो बड़ी यात्राओं की व्यवस्थाओं के लिए उन्हें जिम्मेदारी मिली थी।

पीएम मोदी ने कहा कि उस दौर में प्रेस रिलीज भेजने के लिए भी फैक्स मशीन ढूंढनी पड़ती थी। उन्होंने कहा कि जब कोई रिपोर्टर से एडिटर बनता है तो मीडिया हाउस में उसकी भूमिका स्वाभाविक रूप से बदल जाती है। इसी तरह सरकार में आने के बाद उनकी जिम्मेदारियों में भी बदलाव आया।

पीएम मोदी ने अपने पुराने दिनों का एक किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि वह 11 अशोका रोड पर एक कमरे में रहते थे। एक दिन अचानक पत्रकारों की एक ‘गैंग’ उनके कमरे में पहुंच गई।

पीएम मोदी के मुताबिक, उस समय एक महिला ब्रिगेड हुआ करती थी। पत्रकारों ने उनसे मिठाई खिलाने को कहा। जब उन्होंने इसकी वजह पूछी तो पत्रकारों ने कहा कि वह गुजरात जा रहे हैं और मुख्यमंत्री बनने वाले हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि यह बात बहुत कम लोगों को मालूम थी, लेकिन उन पत्रकारों को इसकी जानकारी थी। उन्होंने बताया कि बाद में पत्रकारों की कही बात सही साबित हुई।

‘देश भी एक डेडलाइन के साथ काम कर रहा है’

पीएम मोदी ने पत्रकारिता में डेडलाइन के महत्व का जिक्र करते हुए कहा कि न्यूज की दुनिया में डेडलाइन बेहद जरूरी होती है। अखबार छपने से लेकर स्टोरी ब्रॉडकास्ट करने तक हर काम की समय-सीमा तय होती है।

उन्होंने कहा कि आज देश भी एक डेडलाइन के साथ काम कर रहा है और वह डेडलाइन 2047 है। पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के 100 साल पूरे होने से पहले भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है।

पीएम मोदी ने कहा कि भारत जिन उपलब्धियों के साथ आगे बढ़ रहा है, उनमें विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करना असंभव नहीं है। उन्होंने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव के पास उतरने, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता बनने और चिनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज बनने जैसी उपलब्धियों का जिक्र किया।

उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने 12 साल में अपनी सोलर जेनरेशन क्षमता 50 गुना से ज्यादा बढ़ाई है और दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम तैयार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *