कटिहार के कुर्सेला में बाढ़ पीड़ितों से मिले पूर्णिया सांसद, बोले- कागजों पर नहीं, जमीन पर दिखनी चाहिए मदद
Knews Desk- बिहार में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। इसी बीच पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव कटिहार के कुर्सेला में बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और अपने स्तर पर जरूरतमंदों को आर्थिक मदद दी।
पप्पू यादव पिछले कई दिनों से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं। कुर्सेला में भी उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि मुश्किल वक्त में वह उनके साथ खड़े हैं। इस दौरान सांसद के हाथ में नोटों की गड्डी नजर आई, जिससे उन्होंने बाढ़ पीड़ितों के बीच रुपये बांटे।
सरकारी राहत व्यवस्था पर पप्पू यादव का हमला
बाढ़ पीड़ितों की मदद करने के साथ ही पप्पू यादव ने सरकार की राहत व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि बाढ़ के दौरान कुछ नेता और सरकारी अधिकारी आपदा को अवसर की तरह देखते हैं।
सांसद ने राहत और बचाव के नाम पर होने वाली व्यवस्थाओं को ‘लूट तंत्र’ बताते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को सिर्फ कागजों पर राहत देने से काम नहीं चलेगा। जिनके घर पानी में डूब गए हैं और जिनके सामने खाने-पीने का संकट है, उन्हें मौके पर मदद की जरूरत है।
‘सरकारी व्यवस्था का इंतजार नहीं कर रहा’
पप्पू यादव ने कहा कि वह किसी सरकारी घोषणा या व्यवस्था का इंतजार नहीं कर रहे हैं। अपनी क्षमता के अनुसार लगातार बाढ़ पीड़ितों तक मदद पहुंचा रहे हैं और आगे भी यह सिलसिला जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि बाढ़ के इस संकट में हर संभव तरीके से लोगों की सहायता करना जरूरी है, क्योंकि प्रभावित परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की बड़ी चुनौती है।
बिहार में 55 लाख लोगों के प्रभावित होने का दावा
पूर्णिया सांसद ने बिहार में बाढ़ की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि राज्य के 22 जिलों में करीब 55 लाख लोग इस संकट से प्रभावित हैं। उनके मुताबिक, बाढ़ का असर समाज के हर आर्थिक वर्ग पर पड़ा है और बड़ी संख्या में परिवार मुश्किल हालात से गुजर रहे हैं।