आज आमने-सामने होंगे मोदी और शी जिनपिंग, BRICS में बैठकों से डिनर तक पूरा शेड्यूल

KNEWS DESK- नई दिल्ली में आयोजित 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज सबसे अहम दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को BRICS सदस्य देशों के अलावा साझेदार देशों के कई प्रमुख नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इनमें चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ होने वाली मुलाकात पर पूरी दुनिया की नजर रहेगी।

BRICS समिट में हिस्सा लेने के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान समेत कई राष्ट्राध्यक्ष दिल्ली पहुंच चुके हैं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शनिवार को भारत पहुंचे। समिट के दौरान पीएम मोदी की कई महत्वपूर्ण बैठकें प्रस्तावित हैं।

सुबह से शुरू होगा बैठकों का दौर

प्रधानमंत्री मोदी का कार्यक्रम सुबह 10 बजे हैदराबाद हाउस में इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली के साथ बैठक से शुरू होगा। इसके बाद सुबह 10:30 बजे मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम के साथ उनकी मुलाकात होगी।

सुबह 11 बजे पीएम मोदी अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख खालिद बिन मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे वियतनाम के प्रधानमंत्री ली मिन हुंग के साथ बैठक निर्धारित है।

वहीं, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ राष्ट्रपति भवन में बैठक होगी।

दोपहर में BRICS की बैठक और प्रदर्शनी

दोपहर 2:35 बजे BRICS सदस्य देशों की बंद कमरे में बैठक शुरू होगी। इसके बाद शाम 4:25 बजे सभी नेता ‘भारत इनोवेट्स’ प्रदर्शनी का दौरा करेंगे।

शाम 5:05 बजे आधिकारिक फैमिली फोटोग्राफ और एक साथ पौधरोपण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान BRICS सदस्य और साझेदार देशों के राष्ट्राध्यक्ष एक मंच पर नजर आएंगे।

शाम 5:45 बजे मोदी-शी की अहम मुलाकात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बीच शाम 5:45 बजे भारत मंडपम में द्विपक्षीय बैठक होगी। भारत और चीन के बीच पिछले कुछ वर्षों से जारी तनाव को देखते हुए यह मुलाकात बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

बैठक में सीमा विवाद, द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने, व्यापार और आपसी सहयोग जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। शी जिनपिंग करीब सात साल बाद भारत आए हैं।

शाम 7:30 बजे गाला डिनर

शनिवार शाम 7:30 बजे भारत मंडपम में BRICS समिट में शामिल राष्ट्राध्यक्षों के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस गाला डिनर की मेजबानी करेंगे।

डिनर में कुछ केंद्रीय मंत्रियों के साथ 14 से 15 राज्यों के मुख्यमंत्री भी शामिल होंगे। सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को देखते हुए सभी मुख्यमंत्रियों के संसद भवन पहुंचने और वहां से बस के जरिए एक साथ भारत मंडपम जाने की व्यवस्था की गई है।

BRICS मंच पर कौन-कौन नेता होंगे?

BRICS में इस समय 11 सदस्य देश और 10 साझेदार देश शामिल हैं। समिट में भारत से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन से शी जिनपिंग, रूस से व्लादिमीर पुतिन, दक्षिण अफ्रीका से सिरिल रामाफोसा और ईरान से मसूद पेजेशकियान हिस्सा लेंगे।

इसके अलावा मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद, इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो और UAE की ओर से अबू धाबी के क्राउन प्रिंस शामिल होंगे। सऊदी अरब का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री करेंगे।

ब्राजील के राष्ट्रपति लूला दा सिल्वा समिट में शामिल नहीं हो रहे हैं। उनकी जगह विदेश मंत्री मौरो विएरा ब्राजील के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *