नागपुर में SBI बैंक में लूट, कर्मचारियों पर मिर्च पाउडर डालकर 4 लाख उड़ाए

ग्राहक बनकर बैंक में घुसा आरोपी, वारदात के 30 मिनट के भीतर पुलिस ने दबोचा

Knews Desk- महाराष्ट्र के नागपुर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा में दिनदहाड़े लूट का मामला सामने आया है। सक्करदरा इलाके में एक युवक ने बैंक कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर करीब 4 लाख रुपये नकद लूट लिए। वारदात के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए आरोपी को महज आधे घंटे में गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूटी गई पूरी रकम भी बरामद कर ली गई है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी सामान्य ग्राहक की तरह बैंक में दाखिल हुआ था। वह कैश काउंटर के पास पहुंचा और मौका मिलते ही कर्मचारियों की आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया। अचानक हुए हमले से बैंक में अफरा-तफरी मच गई। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

मिर्च पाउडर पड़ने से कर्मचारी कुछ देर के लिए असहाय हो गए। इसी दौरान आरोपी ने कैश काउंटर से करीब 4 लाख रुपये उठाए और बैंक से बाहर निकल गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

CCTV फुटेज ने खोला लूट का राज

बैंक में लगे CCTV कैमरों में वारदात कैद हो गई थी। पुलिस ने फुटेज खंगालकर आरोपी की पहचान की और उसकी तलाश शुरू कर दी। करीब 30 मिनट के भीतर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से लूटी गई पूरी रकम बरामद हो गई।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय सूरज भोजराज बोरकर के रूप में की है। वह नागपुर ग्रामीण इलाके का निवासी है और BSc पास बताया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल बेरोजगार है। उससे पूछताछ कर लूट की वजह और वारदात से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

सक्करदरा थाना पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने लूट की योजना अकेले बनाई थी या उसके साथ कोई और भी शामिल था। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *