धनबाद के जंगल में महिला का सिर कटा शव मिलने से सनसनी, पूजा सामग्री बरामद… क्या नरबलि का मामला?

बलियापुर में महिला का सिर और धड़ अलग-अलग जगहों पर मिले. घटनास्थल से पूजा का सामान मिलने के बाद नरबलि की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है. मृतका की पहचान के लिए जांच जारी है.

Knews Desk- झारखंड के धनबाद जिले में शुक्रवार को एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया. बलियापुर थाना क्षेत्र की ढांगी बस्ती स्थित चटनियां पुल के सामने जंगल में एक अज्ञात महिला का सिर कटा शव मिला. महिला का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों पर बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया.

घटनास्थल से पूजा सामग्री मिलने के बाद ग्रामीणों ने इसे कथित नरबलि से जोड़कर आशंका जताई है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. मामले की जांच के बाद ही हत्या की असली वजह सामने आएगी.

जानकारी के मुताबिक, स्थानीय निवासी किशोर कुमार महतो शुक्रवार को शौच के लिए जंगल की तरफ गया था. इसी दौरान उसकी नजर जमीन पर पड़े एक महिला के पैर पर पड़ी. संदेह होने पर उसने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी.

कुछ ही देर में ग्रामीण मौके पर जुट गए. वहां महिला का शव पड़ा मिला, जिसका सिर धड़ से अलग था. घटना की सूचना आशीष महतो ने बलियापुर थाना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और जांच शुरू कर दी.

बोरे में मिला सिर, पूजा का सामान भी बरामद

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि महिला का सिर प्लास्टिक के बोरे में पड़ा था, जबकि धड़ जंगल के दूसरे हिस्से में मिला. घटनास्थल से अगरबत्ती समेत अन्य पूजा सामग्री बरामद होने की भी जानकारी सामने आई है.

इसी आधार पर स्थानीय लोगों के बीच नरबलि की चर्चा शुरू हो गई. हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी तक ऐसी किसी आशंका की पुष्टि नहीं हुई है. फोरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.

बलियापुर थाना के एएसआई अशोक कुमार के अनुसार, महिला की उम्र लगभग 30 वर्ष होने का अनुमान है. उसकी पहचान अभी नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के गांवों और इलाकों में पूछताछ कर रही है, ताकि मृतका के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.

जांच में यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला स्थानीय निवासी थी या उसे किसी दूसरे स्थान से लाकर जंगल में हत्या की गई. पुलिस ने पहचान के लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू कर दी है.

रांची से FSL और डॉग स्क्वायड की टीम पहुंची

घटना की गंभीरता को देखते हुए रांची से फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) और डॉग स्क्वायड की टीम बुलाई गई है. टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर हत्या से जुड़े सुराग तलाशेंगी.

पुलिस को उम्मीद है कि फोरेंसिक जांच, घटनास्थल से मिले सामान और आसपास की पूछताछ के आधार पर वारदात की कड़ियां जुड़ सकेंगी. फिलहाल हत्या के कारण और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *