BRICS Summit: पीएम मोदी ने दिया संवाद और सद्भाव का संदेश, शेयर किया संस्कृत श्लोक

दिल्ली के भारत मंडपम में शनिवार से 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की शुरुआत होने जा रही है. सम्मेलन को लेकर राजधानी में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ब्रिक्स समिट से पहले सोशल मीडिया के जरिए संवाद, सद्भाव और वैश्विक सहयोग का संदेश दिया.

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को X पर लिखा, “अगले कुछ दिनों में दुनियाभर के नेता BRICS समिट के लिए जुटेंगे. पूर्ण विश्वास है कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की कामना के साथ विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी.” उन्होंने इसके साथ संस्कृत का एक श्लोक भी साझा किया.

पीएम मोदी ने शेयर किया संस्कृत श्लोक

प्रधानमंत्री ने लिखा, “सद्भिरेव सहासीत सद्भिः कुर्वीत सङ्गतिम्। सद्भिर्विवादं मैत्रीं च नासद्भिः किंचिदाचरेत्॥”

इसका अर्थ है कि मनुष्य को हमेशा सज्जनों के साथ रहना चाहिए और उन्हीं की संगति करनी चाहिए. सज्जनों के साथ विचार-विमर्श और मैत्रीपूर्ण व्यवहार करना चाहिए. आपसी सद्भाव, संवाद और मित्रता से शांति और सहयोग को मजबूत किया जा सकता है.

ब्रिक्स समिट के लिए दिल्ली में कड़ी सुरक्षा

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. दिल्ली पुलिस के करीब 15,000 जवानों के अलावा अर्धसैनिक बलों की 200 कंपनियां तैनात की गई हैं. निगरानी के लिए 500 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनमें हाई-रिजॉल्यूशन, चेहरे की पहचान और वाहन नंबर प्लेट पहचानने वाले कैमरे शामिल हैं. इनसे 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी.

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि समिट के दौरान पूरी दिल्ली बंद नहीं होगी. हालांकि, वीवीआईपी काफिलों की आवाजाही के समय कुछ मार्गों पर अस्थायी रोक, रूट डायवर्जन या प्रतिबंध लगाए जा सकते हैं.

पुतिन पहुंचे दिल्ली, शी जिनफिंग भी होंगे शामिल

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन शुक्रवार सुबह ब्रिक्स समिट में हिस्सा लेने दिल्ली पहुंच गए. वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनफिंग ने भी सम्मेलन में शामिल होने की पुष्टि की है. करीब सात साल बाद उनका भारत दौरा हो रहा है.

सम्मेलन में ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी, अबू धाबी के शहजादे मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस और विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रमुख समेत कई प्रमुख नेता शामिल होंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *