KNEWS DESK- चीन के किंगदाओ शिपयार्ड में मरम्मत के लिए खड़े एक विदेशी मालवाहक जहाज में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे में करीब 30 लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, चीनी अधिकारियों ने अभी तक मृतकों की संख्या को लेकर कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
चीनी मीडिया CCTV के मुताबिक, जहाज कुछ दिन पहले ही किंगदाओ लाया गया था और उस पर मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने जहाज के ऊपरी हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
बचाव अभियान जारी
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में दमकल की गाड़ियां और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। आग पर काबू पाने के साथ-साथ लापता लोगों की तलाश भी की जा रही है। चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग ने अधिकारियों को राहत और बचाव अभियान तेज करने के निर्देश दिए हैं। चीन के राष्ट्रपति भी हादसे को लेकर सक्रिय हुए हैं और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी के निर्देश दिए हैं। हालांकि, जहाज पर कितने लोग मौजूद थे और कितने लोग अभी लापता हैं, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
विदेशी झंडे वाला था जहाज
चीनी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आग लगने वाला मालवाहक जहाज विदेशी ध्वज वाला जहाज था। हालांकि, चीन ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि जहाज किस देश का था। शिपयार्ड अधिकारियों ने भी स्थानीय मीडिया के सवालों पर कोई जानकारी साझा नहीं की है।
815 एकड़ में फैला है शिपयार्ड
किंगदाओ में स्थित यह प्रमुख शिपयार्ड चाइना स्टेट शिपबिल्डिंग कॉर्पोरेशन से जुड़ा है। यहां व्यावसायिक जहाजों के निर्माण के साथ-साथ उनकी मरम्मत और नवीनीकरण का काम भी किया जाता है। यह विशाल शिपयार्ड करीब 815 एकड़ क्षेत्र में फैला हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।