Knews Desk- पुणे के कात्रज इलाके से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां MBBS की पढ़ाई कर रही 21 वर्षीय छात्रा माया रेड्डी ने एक आवासीय इमारत की नौवीं मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। माया मूल रूप से हैदराबाद, तेलंगाना की रहने वाली थी और पुणे के भारती विद्यापीठ में MBBS द्वितीय वर्ष की छात्रा थी।
जानकारी के मुताबिक, घटना दोपहर करीब एक बजे कात्रज स्थित एक रिहायशी सोसायटी में हुई। माया के इमारत से गिरने की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर भारती विद्यापीठ पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस फिलहाल छात्रा के आत्मघाती कदम के पीछे की वजह का पता लगाने में जुटी है। शुरुआती तौर पर पढ़ाई का तनाव, व्यक्तिगत परेशानियों समेत कई पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। हालांकि, अभी तक आत्महत्या की स्पष्ट वजह सामने नहीं आई है।
माया की मौत की खबर से भारती विद्यापीठ परिसर में शोक का माहौल है। पुलिस मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
वहीं महाराष्ट्र में MPSC परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र प्रथमेश देशमुख की आत्महत्या का मामला भी चर्चा में है। धाराशिव जिले के परांडा क्षेत्र के खासापुरी गांव निवासी प्रथमेश ने आर्थिक और अन्य परेशानियों के बीच आत्महत्या कर ली थी। उनकी मौत के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में भी चिंता और नाराजगी का माहौल है।
प्रथमेश देशमुख के निधन पर संवेदना व्यक्त करने के लिए अभिजीत दीपके 10 सितंबर को उनके पैतृक गांव खासापुरी पहुंचेंगे। वह सुबह 11 बजे प्रथमेश के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना देंगे और घटना की जानकारी लेंगे। इस दौरान स्थानीय मीडिया और फोटो पत्रकार भी मौजूद रहेंगे।