KNEWS DESK- दिल्ली में इमारतों की सुरक्षा को लेकर नगर निगम (MCD) ने बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पिछले दो दिनों में राजधानी के अलग-अलग इलाकों में अवैध और असुरक्षित निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 34 इमारतों को गिराया गया, जबकि 17 संपत्तियों को सील किया गया है।
12 जोन में हुई कार्रवाई
MCD की यह कार्रवाई दिल्ली के 12 जोन में की गई। निगम की टीमों ने ऐसी इमारतों को निशाना बनाया, जहां निर्माण नियमों के उल्लंघन या सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर खामियां सामने आई थीं। कार्रवाई के दौरान कई संपत्तियों को सील भी किया गया।
1,243 PG इमारतों का सर्वे
इसके साथ ही दिल्ली में चल रहे PG (पेइंग गेस्ट) आवासों की भी जांच तेज कर दी गई है। MCD ने अब तक करीब 1,243 PG इमारतों का सर्वे किया है। इन इमारतों में लगभग 24 हजार लोग रह रहे हैं। सर्वे के दौरान इमारतों की संरचनात्मक स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
सत्य निकेतन हादसे के बाद सख्ती
MCD की इस कार्रवाई को सत्य निकेतन में PG वाली इमारत गिरने के हादसे से जोड़कर देखा जा रहा है। हादसे के बाद राजधानी में PG और अन्य रिहायशी इमारतों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे थे। इसके बाद निगम ने कार्रवाई तेज कर दी।
MCD ने अधिकारियों को 10 सितंबर तक PG इमारतों का सर्वे पूरा करने का निर्देश दिया है। इसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वाली या असुरक्षित पाई जाने वाली इमारतों पर आगे भी कार्रवाई की जा सकती है।