Knews Desk – उत्तर प्रदेश के राशन कार्डधारकों के लिए राहत की खबर है. आगरा जिले में 10 सितंबर से 25 सितंबर तक सरकारी राशन का वितरण किया जाएगा. इस दौरान अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को निर्धारित मात्रा में मुफ्त खाद्यान्न दिया जाएगा. वहीं, अंत्योदय कार्डधारकों को 18 रुपये प्रति किलो की रियायती दर पर चीनी भी उपलब्ध कराई जाएगी.
अंत्योदय राशन कार्डधारकों को प्रति कार्ड कुल 35 किलो खाद्यान्न मुफ्त दिया जाएगा. इसमें 21 किलो गेहूं और 14 किलो चावल शामिल है. इसके अलावा 3 किलो चीनी 18 रुपये प्रति किलो की दर से दी जाएगी. जिला पूर्ति विभाग ने राशन वितरण को लेकर सभी उचित दर विक्रेताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं.
पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारकों को परिवार में दर्ज प्रत्येक यूनिट के हिसाब से खाद्यान्न मिलेगा. सामान्य आवंटन के तहत प्रति यूनिट 3 किलो गेहूं और 2 किलो चावल दिया जाएगा.
इसके अतिरिक्त प्रति यूनिट 2 किलो गेहूं, 1 किलो फोर्टिफाइड चावल और 2 किलो बाजरा भी मुफ्त मिलेगा. पात्र गृहस्थी कार्डधारक पोर्टेबिलिटी सुविधा के तहत किसी भी उचित दर की दुकान से अपना राशन प्राप्त कर सकते हैं.
फिंगरप्रिंट नहीं लगा तो OTP से मिलेगा राशन
राशन वितरण के दौरान लाभार्थियों का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किया जाएगा. अगर तकनीकी समस्या के कारण किसी उपभोक्ता का फिंगरप्रिंट मैच नहीं होता है, तो उसे राशन से वंचित नहीं किया जाएगा. ऐसे लाभार्थी 25 सितंबर को पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त OTP के जरिए चीनी और खाद्यान्न ले सकेंगे.
आगरा जिले में राशन की दुकानें 10 से 25 सितंबर तक दो पालियों में संचालित होंगी.
- सुबह की पाली: 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक
- दोपहर की पाली: 2 बजे से शाम 6 बजे तक
प्रशासन ने राशन कार्डधारकों से अपील की है कि वे निर्धारित अवधि में अपनी उचित दर की दुकान पर पहुंचकर मुफ्त खाद्यान्न और पात्रता के अनुसार चीनी प्राप्त कर लें.