CTET 2026 परीक्षा को लेकर बदला प्लान? ‘December 2026’ नोटिस से बढ़ी हलचल

अक्टूबर में नहीं, दिसंबर में हो सकता है CTET 2026 एग्जाम! जानिए क्यों बढ़ी तारीख को लेकर चर्चा

Knews Desk -केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ओर से आयोजित होने वाली केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी CTET 2026 को लेकर उम्मीदवारों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। पहले चर्चा थी कि स्थगित की गई परीक्षा अक्टूबर में आयोजित की जा सकती है और 9 अक्टूबर की तारीख संभावित मानी जा रही थी। लेकिन अब नई चर्चाओं के मुताबिक CTET 2026 परीक्षा अक्टूबर के बजाय दिसंबर में आयोजित हो सकती है। हालांकि, CBSE ने अभी परीक्षा की नई तारीख को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है।

दरअसल, CBSE ने CTET 2026 के लिए करेक्शन विंडो खोल दी है। उम्मीदवार 10 सितंबर तक अपने आवेदन फॉर्म में जरूरी बदलाव कर सकते हैं। इससे पहले CTET 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया मई में शुरू हुई थी। उम्मीदवारों से 11 मई से 10 जून तक आवेदन मांगे गए थे। उस समय जारी कार्यक्रम के मुताबिक CTET 2026 परीक्षा 6 सितंबर को आयोजित की जानी थी।हालांकि, 25 अगस्त को CBSE ने 6 सितंबर को प्रस्तावित CTET परीक्षा को स्थगित करने की घोषणा कर दी। परीक्षा स्थगित होने के साथ ही बोर्ड ने दोबारा आवेदन प्रक्रिया भी शुरू की। इसके बाद आवेदन प्रक्रिया पूरी होने पर उम्मीदवारों को फॉर्म में सुधार का मौका देने के लिए करेक्शन विंडो खोली गई है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि CTET 2026 की परीक्षा आखिर कब होगी। 6 सितंबर की परीक्षा स्थगित होने के बाद से अक्टूबर में परीक्षा आयोजित होने की संभावना जताई जा रही थी। इसी क्रम में 9 अक्टूबर की तारीख को संभावित परीक्षा तिथि के तौर पर बताया जा रहा था। हालांकि, यह तारीख CBSE की ओर से आधिकारिक तौर पर घोषित नहीं की गई है।करेक्शन विंडो खुलने के बाद दिसंबर में परीक्षा होने की चर्चा इसलिए तेज हुई है क्योंकि CBSE के करेक्शन विंडो से जुड़े नोटिस में फाइल नंबर के तौर पर ‘CTET December 2026’ लिखा गया है। इससे पहले जारी किए गए नोटिस में ‘CTET 2026 September’ का उल्लेख किया गया था। इसी बदलाव को उम्मीदवार और परीक्षा से जुड़े लोग दिसंबर में परीक्षा आयोजित होने का संकेत मान रहे हैं।

हालांकि, सिर्फ नोटिस में फाइल नंबर बदलने के आधार पर परीक्षा की तारीख की पुष्टि नहीं की जा सकती। CBSE की ओर से जब तक आधिकारिक परीक्षा कार्यक्रम जारी नहीं किया जाता, तब तक दिसंबर की तारीख को संभावित ही माना जाना चाहिए। उम्मीदवारों को सोशल मीडिया या अन्य अनौपचारिक माध्यमों से सामने आ रही तारीखों पर पूरी तरह निर्भर रहने के बजाय CBSE की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए।CTET परीक्षा देशभर में शिक्षक बनने की पात्रता हासिल करने के लिए आयोजित की जाती है। परीक्षा में सफल उम्मीदवार केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय और अन्य संबंधित संस्थानों में शिक्षक पदों के लिए पात्रता हासिल कर सकते हैं। ऐसे में परीक्षा की तारीख में बदलाव का सीधा असर लाखों अभ्यर्थियों की तैयारी और उनकी आगामी योजनाओं पर पड़ सकता है।फिलहाल उम्मीदवारों के लिए जरूरी है कि वे अपनी तैयारी जारी रखें और परीक्षा की संभावित तारीख को लेकर किसी तरह के भ्रम में न पड़ें। CBSE की ओर से आधिकारिक तारीख जारी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि CTET 2026 परीक्षा अक्टूबर में होगी या दिसंबर में।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *